Uttarakhand Poltics News: हरिद्वार ऋषिकुल आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज में भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रबुद्ध जन सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। कहा कि लंबे समय तक देश में राज करने वाली कांग्रेस पार्टी ने गरीबी हटाओ का नारा दिया। लेकिन, देश से गरीबी तो नहीं गरीब हटते चले गए। विपक्ष ने हमेशा हर वर्ग को केवल और केवल वोट बैंक समझने का घिनौना कार्य किया है। देश के साथ समझौतों पर समझौता किया। देश को बांटने का कार्य किया। पिछड़ा वर्ग 70 सालों से हक हकूक के लिए लड़ता रहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के कारण ही राहुल बाबा कश्मीर में भारत जोड़ो यात्रा निकाल सके। कहा कि कश्मीर में एक देश, एक विधान और एक निशान नहीं था। आतंकवाद चरम पर था। 70 वर्षों की जिद्दोजहद के बाद पूरे हिंदुस्तान में एक देश, एक विधान और एक निशान का सपना साकार हुआ। धारा 370 खत्म कर मोदी सरकार ने कश्मीर का माहौल बेहतर कर दिया। राहुल गांधी को भारत जोड़ो नहीं भारत समझो यात्रा निकालनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज पिछड़ा वर्ग को केंद्रीय विद्यालय और नवोदय विद्यालय में आरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने भाजपानीत केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाते कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की सभी योजनाएं गरीब पिछड़ों को समर्पित है।
मुख्यमंत्री धामी ने आरोप लगाया, विपक्ष ने छात्रों के कंधे पर रखकर बंदूक चलाया। बावजूद इसके पटवारी परीक्षा में एक लाख तीन हजार अभ्यर्थी बैठे। पीसीएस मुख्य परीक्षा में भी अभ्यर्थियों की अच्छी खासी संख्या रही। केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने कार्यकर्ताओं से जन-जन तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को उपलब्धियां पहुंचाने का आह्वान किया। सम्मेलन को ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. के लक्ष्मण, राज्यसभा सदस्य डा. कल्पना सैनी, हरिद्वार सांसद रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, विधायक मदन कौशिक, समेत ओबीसी समाज के लोग शामिल रहे।