देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बजट को लेकर प्रेस कांफ्रेंस की। इस दौरान बजट को लेकर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि यह बजट भारत की नींव मजबूत करने वाला बजट है। कहा कि उत्तराखंड के लोगों को इस बजट से लाभ मिलेगा। इस बजट में हर वर्ग का ध्यान रखा गया है। इसके साथ ही यह बजट भारत को ग्लोबल लीडर भी बनाएगा। सीएम धामी ने आगे कहा कि भारत को लेकर दुनिया की जो अपेक्षाएं हैं, उन्हें भी यह बजट पूरा करेगा। इसके साथ ही सीएम धामी ने बताया कि बजट में हरिद्वार, रुद्रपुर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में नए नर्सिंग कॉलेज खोलने का भी प्राविधान किया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संसद में पेश केंद्रीय बजट को सच्चे मायने में अमृतकाल का बताया। कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि उत्तराखंड राज्य तथा प्रदेशवासी बजट से लाभान्वित होंगे। सीएम धामी ने कहा कि केंद्र सरकार ने केंद्रीय करों में राज्य का हिस्सा बढ़ा दिया है। इससे उत्तराखंड के राजस्व में सालाना ढाई हजार करोड़ तक का इजाफा होगा। बजट में किए गए इस ऐलान से राज्य को पांच हजार करोड़ के करीब अतिरिक्त बजट जरूरी खर्चों के लिए मिल जाएगा। उत्तराखंड को केंद्रीय करों में अंश के रूप में अभी तक सालाना करीब नौ हजार करोड़ रुपये मिलते हैं। लेकिन अब केंद्रीय करों में राज्य का हिस्सा बढ़ा है।
उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था के लिए पर्यटन का महत्व बहुत अधिक है। निश्चित रूप बजट में पर्यटन क्षेत्र के विकास के लिए की जा रही पहल काफी सहायक सिद्ध होगी। वाइब्रेंट विलेज के माध्यम से सीमावर्ती गांवों के विकास पर फोकस किया जाएगा। इससे राज्य के सीमावर्ती गांवों को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि जनजातीय समूहों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए पीएम पीवीटीजी विकास मिशन शुरू होने से राज्यों की सक्रिय भागीदारी, सरकारी और सार्वजनिक पार्टनरशिप के साथ मिशन मोड पर पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। क्षेत्रीय हवाई संपर्क में सुधार आएगा। कुल मिलाकर यह युवाओं, महिलाओं, किसानों, गरीबों, मध्यम वर्ग का बजट है।