Chardham Yatra 2023: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा 2023, 22 अप्रैल से शुरू हो जाएगी। लिहाजा, सरकार अभी से ही व्यवस्थाएं मुकम्मल करने में जुट गई है। ताकि, यात्रा सीजन में यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा के मद्देनजर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस बात का खास ध्यान रखा जाए कि यात्रा के प्रति सकारात्मक वातावरण बने। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों को 15 अप्रैल तक यात्रा व्यवस्थाओं को पूरा करने को कहा है।
चारधाम यात्रा व्यवस्थित ढंग से संचालित हो इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समय से आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा के प्रति सकारात्मक वातावरण बने इस पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री धामी ने पर्यटन एवं पुलिस के अधिकारियों को चारधाम यात्रा से जुड़े जिलाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर आवश्यक तैयारियों को अन्तिम रूप देने को कहा है। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग से जुड़े व्यवसायियों की भावनाओं का भी सम्मान हो यह भी देखा जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी चारधाम यात्रा में इस वर्ष की अपेक्षा और अधिक श्रद्धालु प्रदेश में आयेंगे इस दृष्टि से व्यवस्थाएं किया जाना जरूरी है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि यात्रा व्यवस्थाओं को 15 अप्रैल तक पूर्ण कर लिया जाए। सीएम ने कहा कि यात्रा रूट की सड़कों के सुधार के साथ यात्रियों की सुविधा से सम्बन्धित व्यवस्थाओं पर प्रभावी कार्ययोजना के साथ कार्य करने के निर्देश भी मुख्यमंत्री ने दिए हैं। गौर हो कि गंगोत्री मंदिर के कपाट अक्षय तृतीया के मौक पर 22 अप्रैल को दोपहर 12:35 बजे खोले जाएंगे। इसी दिन यमुनोत्री धाम के कपाट भी खोले जाने हैं। इसके अलावा 25 अप्रैल को बाबा केदार और 27 अप्रैल को बदरी विशाल के कपाट खोले जाएंगे।