धांधली पर CM धामी का कड़ा रुख! नकल कराने वालों की संपत्ति होगी जब्त..10 साल तक नहीं दे पाएंगे परीक्षा

Spread the love

उत्तराखंड में भर्ती परीक्षाओं में हो रही धांधली के बाद राज्य सरकार नकल विरोधी कड़ा कानून लाने जा रही है। इसके लिए शासन द्वारा पूरा ड्राफ्ट तैयार कर लिया गया है। इसमें कई कड़े कानूनों का प्रबंध किया गया है। जल्द ही कैबिनेट में यह लाकर उसे मंजूरी दे दी जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कहना है कि उत्तराखंड में भर्ती परीक्षाओं में जिन लोगों ने भी गड़बड़ी की है उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और आगे के लिए भी सरकार ठोस कानून लाने जा रही है, जिसके लिए शासन द्वारा सभी तैयारी कर ली गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नकल विरोधी कानून में 10 साल की सजा का प्रावधान होगा। आरोपी की संपत्ति जब्त करने का भी प्रावधान है, साथ ही परीक्षार्थियों को लेकर भी बड़ी कार्यवाही का प्रावधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले लोगों को अब किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कहना है कि परीक्षा पारदर्शी हो निष्पक्ष हो इस तरह के कदम उठाए जाएंगे।