मुख्यमंत्री पुष्कर धामी दिल्ली रवाना, जोशीमठ भू-धंसाव के बारे में केंद्र को सौंपेंगे रिपोर्ट..ये रहेगा पूरा कार्यक्रम

Share

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार देर शाम अपने कुमाऊं दौरे के बाद सड़क मार्ग से दिल्‍ली रवाना हो गए। समझा जा रहा है कि वह दिल्‍ली में जोशीमठ भू धंसाव से पैदा स्थिति और सरकार द्वारा आपदा प्रभावितों को राहत देने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी केंद्रीय नेतृत्व को दे सकते हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत उत्तराखंड भाजपा के 10 दिग्गज नेता सोमवार (आज) को नई दिल्ली में होंगे। वे भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में हिस्सा लेंगे।

मुख्यमंत्री को पहले रविवार को बागेश्वर से देहरादून लौटना था, लेकिन मौसम की खराबी के कारण वह खटीमा से ही सड़क मार्ग से नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में नेतृत्व पिछले तीन महीने के सांगठनिक कार्यक्रमों की समीक्षा करेगा। प्रदेश अध्यक्ष व प्रदेश महामंत्री संगठन से केंद्रीय नेतृत्व के दिए कार्यक्रमों की जानकारी ली जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष संगठन के विस्तार और पदाधिकारियों के प्रवास के बारे में जानकारी दे सकते हैं। सीएम धामी हाल ही में आयोजित ग्राम चौपाल व मंत्रियों के रात्रि प्रवास की जानकारी दे सकते हैं।

विशेषकर जोशीमठ आपदा को लेकर मुख्‍यमंत्री नेतृत्‍व को नवीनतम जानकारी से अवगत करा सकते हैं। इसके अलावा, वह भर्ती परीक्षाओं के प्रश्न पत्र लीक होने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सरकार द्वारा सख्‍त प्रविधानों के साथ लाए जा रहे नकल रोधी अध्‍यादेश को लेकर भी केंद्रीय नेतृत्‍व से चर्चा कर सकते हैं। राष्‍ट्रीय कार्यसमिति के दौरान मुख्‍यमंत्री धामी प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा से भी भेंट कर सकते हैं।