उत्तराखंड में एक बार फिर पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना दिख रही है। प्रदेश में पिछले 4-5 दिनों की चटक धूप के बाद आज पहाड़ों पर बदलो की उपस्थिति दर्ज की गई है। मौसम का यह बदलाव पूरे राज्य में नहीं बल्कि 5 पर्वतीय जिलों में होगा जिसका असर भी दिखाई देगा। मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि अब यह सिलसिला नहीं रुकेगा बल्कि कल 19 फरवरी को भी राज्य के 3 जिलों में मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, आज मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रह सकता है। हलांकि, पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाने से लेकर हल्की वर्षा-बर्फबारी होने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज ताजा पश्चिम विक्षोभ के हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय होने से पहाड़ों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की वर्षा-बर्फबारी हो सकती है। दून में आंशिक बादल छाये रहने के आसार हैं। आने वाले दिनों की बात करें तो 19 फरवरी को भी प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम कुछ ऐसा ही रहेगा। जबकि 20 से 22 फरवरी तक मौसम शुष्क रहेगा।