Congress President Election: कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 22 साल बाद वोटिंग आज, उत्‍तराखंड से 225 डेलीगेट करेंगे मतदान

Spread the love

Congress President Election 2022 Today: कांग्रेस के लिए आज ऐतिहासिक दिन है। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए सुबह 10 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है जो शाम 4 बजे तक चलेगी। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व पीएम डॉक्टर मनमोहन सिंह राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वोट करेंगे तो वहीं ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की अगुवाई कर रहे राहुल गांधी कर्नाटक के बेल्लारी में मतदान करेंगे। पार्टी में 22 साल बाद अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हो रहा है जबकि 24 साल बाद गांधी परिवार से बाहर का कोई व्यक्ति अध्यक्ष होगा।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच अध्यक्ष पद के लिए रेस है। इस चुनाव में प्रदेश कांग्रेस समितियों (पीसीसी) के 9,000 से अधिक प्रतिनिधि गुप्त मतदान के जरिये पार्टी के नए अध्यक्ष का चुनाव करेंगे। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के 225 प्रतिनिधि (डेलीगेट) सोमवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। राजपुर रोड स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मतदान शुरू हो गया है। मतों की गिनती बुधवार को होगी।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने सभी पीसीसी सदस्यों से अपेक्षा की है कि वह प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में समय पर पहुंचकर मताधिकार का प्रयोग करें। कहा कि जो प्रतिनिधि यहां मौजूद नहीं हैं, वे पोस्टल बैलेट से मतदान कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में चुनाव के सफल संचालन के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस चुनाव प्राधिकरण की ओर से सांसद जीसी चंद्रशेखर को चुनाव अधिकारी, जयशंकर पाठक व मनोज भारद्वाज को एपीआरओ नियुक्त किया है। करन माहरा ने कहा कि यह चुनाव आगामी 2024 के लोकसभा चुनाव एवं भविष्य के सभी चुनावों में कांग्रेस की दशा और दिशा को तय करने की दृष्टि से अति महत्वपूर्ण है, इसलिए उत्तराखंड कांग्रेस के सभी पीसीसी सदस्य इस चुनाव को गंभीरता से लेते हुए मतदान के लिए उपस्थित रहेंगे।