Dehradun: बाबा बर्फानी अमरनाथ का नाम आते ही सबसे पहला स्थान जम्मू होता है, लेकिन क्या आपको पता है कि बाबा एक और बाबा बर्फानी हैं। ये बाबा बर्फानी उत्तराखंड में स्थित हैं। यहां भी बाबा बर्फानी जैसा सबकुछ है। आस्था का केंद्र कहे जाने वाले उत्तराखंड के जोशीमठ से लगभग 60 किलोमीटर दूर मलारी नामक स्थान पर बाबा बर्फानी बिल्कुल अमरनाथ धाम के स्वरूप में विराजमान हैं। इस स्थान को लोग छोटे अमरनाथ और टिम्मर सैंण महादेव के नाम से जानते हैं। श्रद्धालु मलारी से डेढ़ किलोमीटर की पैदल यात्रा तय करके बाबा भोलेनाथ के द्वार पर पहुंचते हैं।
यहां बर्फबारी का मौसम शुरू होने के साथ ही बाबा भोलेनाथ अपने भक्तों को दर्शन देना शुरू कर देते हैं। चारों ओर बर्फीले पहाड़ों से घिरे इस स्थान के बीच भगवान शिव बर्फीले शिवलिंग के रूप में विराजमान रहते हैं। इन दिनों पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी होने के कारण शिवलिंग का रूप और भी भव्य और दिव्य हो गया है। इन दिनों इस स्थान पर बर्फ की गहरी गुफा बन गई है और इस बर्फीली गुफा के अंदर भगवान शिव अपने सुंदर आकार में विराजमान दिखाई दे रहे हैं। गुफा के बाहर भगवान शिव की बर्फीली जटाएं दिखाई देती हैं, जो यहां पहुंचने वाले भक्तों को अपनी ओर पूरी तरह से आकर्षित कर लेती हैं।