देहरादून। अगले माह केदारनाथ धाम में प्रस्तावित प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर पुलिस तैयारियों में जुट गई है। इन तैयारियों का जायजा लेने के लिए रविवार को डीजीपी अशोक कुमार भी केदारनाथ धाम पहुंचे। उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रवास और खाने आदि की व्यवस्थाओं को परखा।
डीजीपी का यह दौरा पूर्व निर्धारित था। केदारनाथ धाम पहुंचकर उन्होंने जिला पुलिस, एसडीआरएफ, पीएसी, होमगार्ड और पीआरडी के अधिकारियों कर्मचारियों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने तैयारियों को लेकर सभी अधिकारियों को ब्रीफ भी किया। कहा कि केदारनाथ धाम में आने वाले श्रद्धालुओं के साथ उत्तराखंड पुलिस की थीम मित्रता सेवा सुरक्षा की भावना के साथ अपने कर्तव्य का निर्वहन किया जाना चाहिए।
डीजीपी ने एसडीआरएफ प्रभारी और पुलिस बल को वर्तमान समय में जारी मौसम संबंधी अलर्ट के मद्देनजर भी सतर्क रहने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर अधिकारियों से बात की। उन्होंने वहां पर हो रही सुरक्षा संबंधी तैयारियों का जायजा भी लिया। डीजीपी ने कहा कि वीवीआईपी के दौरे से पहले सभी तैयारियों को समय से पूरा कर लिया जाए। इसके लिए खुफिया तंत्र को भी एक्टिव कर दिया जाए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग आयुष अग्रवाल, चौकी प्रभारी केदारनाथ धाम मंजुल रावत आदि अधिकारी मौजूद रहे।