उत्तराखंड में रेल रोको आंदोलन: रुड़की में जीआरपी सतर्क, रुद्रपुर में रेलवे ट्रैक पर पहुंचे किसान

Spread the love

लखीमपुर खीरी की घटना के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की ओर से आज रेल रोको आंदोलन की घोषणा के बाद रुड़की में पुलिस के साथ जीआरपी भी सतर्क है। वहीं रुद्रपुर में किसान रेलवे ट्रेक पर पहुंच गए हैं। यहां भारी पुलिस फोर्स तैनात है।

पुलिस के साथ ही जीआरपी भी अलर्ट
कृषि कानूनों के विरोध में चल रहे किसान आंदोलन और लखीमपुर खीरी में किसानों की हत्या के विरोध में भाकियू (टिकैत) ने 18 अक्तूबर को ट्रेनें रोकने की घोषणा की थी। भाकियू पदाधिकारियों की ओर से रेल रोको आंदोलन को सफल बनाने के लिए किसानों से संपर्क किया जा रहा है। इसे लेकर पुलिस के साथ ही जीआरपी भी अलर्ट हो गई है।

मुसाफिरों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है
जीआरपी एसओ प्रदीप राठौर ने बताया कि ट्रेनें रोके जाने की घोषणा के चलते सोमवार सुबह से ही स्टेशन पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। शाम चार बजे तक होने वाले आंदोलन के तहत इस अवधि में लंढौरा रेलवे स्टेशन से होकर गुजरने वाली करीब 30 ट्रेनों का आवागमन बाधित हो सकता है। इस दौरान मुसाफिरों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

ये ट्रेन रह सकती हैं प्रभावित
प्रदीप राठौर ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। लंढौरा रेलवे स्टेशन अधीक्षक सीएल मीणा ने बताया कि रेल रोको आंदोलन से अहमदाबाद मेल, शताब्दी एक्सप्रेस देहरादून, गंगानगर, कोलकाता-अमृतसर, देहरादून-बांद्रा, हरिद्वार-गंगानगर, हरिद्वार-अमृतसर शताब्दी, उज्जैन-इंदौर-देहरादून, लक्सर पैसेंजर, लखनऊ-चंडीगढ़, जयनगर-अमृतसर, रामनगर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस समेत कई माल गाड़ियां प्रभावित रह सकती हैं।