इस बीच रुद्रपुर से पार्टी के दो बार के विधायक राजकुमार ठुकराल भी राजधानी पहुंचे। उनकी सीट पर अभी प्रत्याशी की घोषणा नहीं हुई है। भाजपा के हलकों में इस बार ठुकराल का टिकट काटे जाने की चर्चाएं गरम हैं। इसकी वजह एक कथित विवादित बयान की वीडियो क्लिप मानी जा रही है, जिसे केंद्रीय नेताओं तक पहुंचाया गया है। ठुकराल शनिवार को पहले पार्टी मुख्यालय में प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार से मिले। उन्होंने सांसद नरेश बंसल से भी भेंट की। बाद में उन्होंने प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दरवाजे पर भी दस्तक दी और टिकट न काटे जाने का अनुरोध किया। बकौल ठुकराल, मैंने सभी वरिष्ठ नेताओं से विनम्र आग्रह किया है कि मेरा टिकट नहीं काटा जाए। बाकी पार्टी को निर्णय करना है। लेकिन उनके बारे में जो भी कहा जा रहा है, वह पूरी तरह से मिथ्या और निराधार है।
भरोसा लेकर लौटी महिला मोर्चा की पदाधिकारी
शनिवार को भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री अनु कक्कड़ के नेतृत्व में मोर्चा पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश पार्टी कार्यालय पहुंचा।उन्होंने प्रदेश संगठन महामंत्री अजय कुमार से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी कोटिकट न दिए जाने से उत्तराखंड राज्य की महिला मोर्चा व सभी सदस्य आहत हैं। मोर्चा की अध्यक्ष निरंतर अपने कार्यों को मनोयोग से पूर्ण कर रही हैं। उन्होंने संगठन से निर्णय पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया। प्रदेश महामंत्री संगठन ने आश्वस्त किया कि भविष्य में जो भी फैसला होगा उनके हित के लिए ही होगा और संगठन भी उनके लिए बराबर चिंता कर रहा है। प्रदेश महिला मोर्चा के उपाध्यक्ष अनुराधा वालिया, प्रदेश उपाध्यक्ष कंचन ठाकुर, प्रदेश मंत्री भावना शर्मा, बबीता सहोत्रा, नंदिनी शर्मा शामिल थीं।