दिसंबर माह में शीतलहर और कोहरे के बीच तराई ठंड से ठिठुरने लगी है। वहीं विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां भी तेज होने लगी हैं। चुनाव प्रचार और कई वादों के बीच लोगों को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए राजनैतिक पार्टियों ने कमर कस ली है।
तराई के चुनावी तापमान में बढ़ोतरी
ऐसे में भाजपा व कांग्रेस के साथ आम आदमी पार्टी ने भी गतिविधियां तेज कर दी हैं। स्थिति यह है कि रविवार को शहर में भाजपा, कांग्रेस व आप तीनों के बड़े नेता एक ही समय में मौजूद रहेंगे। ऐसे में तराई के चुनावी तापमान में बढ़ोतरी होना तय है।
भारतीय जनता पार्टी अपना प्रदर्शन दोहराने के लिए किसी भी स्तर से कोई कमी नहीं छोड़ना चाहती है। केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी को भाजपा उत्तराखंड के चुनाव प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा ने प्रेस वार्ता कर बताया कि चुनाव प्रभारी प्रहलाद जोशी रविवार को शाम चार बजे तक जिले में रहेंगे। उनके साथ केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री और क्षेत्रीय सांसद अजय टम्टा, भाजपा संगठन महामंत्री अजेय भी मौजूद रहेंगे। रामपुर रोड किनारे स्थित रिसार्ट में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेट्टा डिसूजा रविवार को जिले में रहेंगी। वह पूर्वाह्न 11 बजे से गदरपुर में व दोपहर ढाई बजे से रुद्रपुर के आंबेडकर पार्क में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी। कार्यक्रम में कांग्रेस के सभी फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
वहीं आम आदमी पार्टी की ओर से दिल्ली सरकार के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी शहर में रहेंगे। वह रुद्रा कांटीनेंटल होटल में कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इसी के साथ रुद्रपुर से संबंधित कई मुद्दों पर भी वह चर्चा करेंगे। तीनों संगठन नेताओं के कार्यक्रम को सफल बनाने में जुट गए हैं