नवनिर्मित नेशनल हॉकी स्टेडियम अब टोक्यो ओलंपिक की हैट्रिक गर्ल वंदना कटारिया के नाम से जाना जाएगा। सरकार की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है। मंगलवार को खेल मंत्री स्टेडियम का लोकार्पण कर खिलाड़ियों को समर्पित कर देंगे।
टोक्यो ओलंपिक में गोलों की हैट्रिक लगाकर इतिहास रचा
रोशनाबाद गांव निवासी वंदना कटारिया ने टोक्यो ओलंपिक में गोलों की हैट्रिक लगाकर इतिहास रच दिया था। ऐसा करने वाली वह पहली भारतीय महिला बनी हैं। टोक्यो ओलंपिक से लौटी वंदना कटारिया के धर्मनगरी के लोगों से लेकर सीएम पुष्कर सिंह धामी तक उन्हें सम्मानित करने के लिए उनके घर पहुंचे थे।
इसके बाद उन्हें अर्जुन अवार्ड से भी पुरस्कृत किया जा चुका है। प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी वरुण बेलवाल ने बताया कि मंगलवार को खेल मंत्री अरविंद पांडेय नवनिर्मित स्टेडियम का लोकार्पण करेंगे। साथ ही वह स्टेडियम के अंदर बन रहे बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल का शिलान्यास भी करेंगे।
रुद्रपुर नगर निगम के ब्रांड एंबेसडर बने मनोज सरकार
अर्जुन अवार्डी और टोक्यो पैरालंपिक के कांस्य पदक विजेता मनोज सरकार को रुद्रपुर नगर निगम का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। वह नगर निगम की टीम के साथ मिलकर लोगों को कूड़ा न फैलाने और शहर को सुंदर बनाने के लिए जागरूक करेंगे।
हाल ही में नगर निगम की ओर से हुई उपयोगार्थ आदर्श वाक्य (स्लोगन) और प्रतीक चिह्न (लोगो) चयन की प्रतियोगिता में चयन समिति की ओर से 297 प्रविष्टियों में से दोनों श्रेणियों में पृथक तीन-तीन प्रविष्टियों का चयन किया गया। स्लोगन प्रतियोगिता मेनोज राय ने प्रथम, राहुल कश्यप ने द्वितीय और वसुंधरादीप ने तृतीय स्थान हासिल किया।
लोगो प्रतियोगिता में अमन अरोरा ने पहला, इशिता सिंह ने दूसरा और राजकुमार शर्मा ने तीसरा स्थान हासिल किया। नगर निगम की ओर से गोविंद, माही, संदर्भ आर्य, आशी सिंघल व हेमा जलाल को सांत्वना पुरस्कार दिया जाएगा।
नगर आयुक्त विशाल मिश्रा ने बताया कि टोक्यो पैरालंपिक में कांस्य पदक अर्जित करने वाले मनोज सरकार को रुद्रपुर नगर निगम का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। कहा कि स्लोगन और लोगो प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को मंगलवार को नगर निगम सभागार में पुरस्कृत किया जाएगा।