उत्तराखंड: अमित शाह ने मुख्यमंत्री धामी से फोन पर की बात, लिया बारिश के बचाव की तैयारियों का जायज

Spread the love

मौसम विज्ञानियों ने अगले 24 घंटे में भी भारी से अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताई है। राजधानी देहरादून में सोमवार को भी बारिश जारी है। राज्य के सभी इलाकों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है। मसूरी में रविवार से रुक-रुककर बारिश हो रही है। बारिश के साथ यहां घना कोहरा छाया है। तापमान में भी काफी गिरावट आ गई है।

अमित शाह ने मुख्यमंत्री से फोन पर की बात
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर राज्य में भारी बारिश से बचाव के लिए की जा रही तैयारियों की जानकारी ली है। इस दौरान शाह ने केंद्र सरकार द्वारा राज्य को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया है। यह जानकारी मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर दी है। मुख्यमंत्री धामी ने विभिन्न क्षेत्रों में हो रही बारिश का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने फोन से सभी जिलाधिकारियों से बारिश की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि जिले में बारिश और आवागमन की स्थिति की प्रत्येक घंटे की रिपोर्ट दी जाए।

बदरीनाथ और यमुनोत्री में बर्फबारी
बदरीनाथ और यमुनोत्री धाम में ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई है। धारचूला और मुनस्यारी के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में जबरदस्त हिमपात हुआ है। गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे पर कई जगह मलबा आने से मार्ग बाधित है। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग कलियासौड़ और सिरोबगड़ में बंद हो गया है। इस वजह से वाहनों को पौड़ी चुंगी और श्रीकोट में रोका जा रहा है। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग में आठ जगह मलबा आने से बंद पड़ा हुआ है।

नई टिहरी, श्रीनगर, बड़कोट, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चमोली, टनकपुर, लोहाघाट, नैनीताल, पिथौरागढ़ सहित अधिकतर पहाड़ी और मैदानी इलाकों में रविवार से बारिश का दौर जारी है। कोटद्वार में पौड़ी हाईवे पर नाले उफान पर आ गए हैं। श्रीनगर के चमधार में मार्ग बंद हो गया है। यहां लगातार पहाड़ी से मलबा गिर रहा है।

यात्रा पड़ावाें पर रोके गए हैं यात्री
वहीं चारों धामों में बेहद कम संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए चारधाम यात्रा पर पहुंचे यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रुकने को कहा गया है। हालांकि यात्रा पर रोक नहीं लगाई गई है। जिला प्रशासन के अधिकारियों को यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोकने के निर्देश दिए गए हैं। जानकीचट्टी पुलिस चौकी इंचार्ज गंभीर तोमर ने बताया कि यहां पर यमुनोत्री धाम जाने वाले करीब तीन सौ यात्री रुके हैं।

उत्तराखंड में बारिश का अलर्ट: सुरक्षा के लिहाज से चारधाम जाने वाले तीर्थयात्रियों को रोका, पहाड़ों पर न जाने की अपील

यमुनोत्रीधाम में रविवार दोपहर से हो रही बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है। यमुनोत्रीधाम से लगी चोटियों पर कल से बर्फबारी हो रही है। यहां ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। यमुनोत्रीधाम के पुजारी आशुतोष उनियाल ने बताया कि लगातार बारिश से यमुना नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। धाम से लगे कालिंदी पर्वत, बंदरपूंछ, सप्त ऋषिकुंड, गरुड़ गंगा की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हो रही है।

टनकपुर-पिथौरागढ़ और  टनकपुर-चंपावत मार्ग बंद
कुमाऊं में टनकपुर-चंपावत मार्ग बंद हो गया है। पूर्णागिरि मार्ग पर किरोड़ा नाला उफान पर आ गया है। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग में आठ जगह मलबा आने से बंद है। रामनगर का धनगढ़ी नाला उफान पर आ गया है। जिससे यहां जाम लग गया है।