भर्ती घोटाले और लाठीचार्ज के खिलाफ सातवें दिन भी प्रदर्शन जारी, सचिवालय कूच करने जा रहे कांग्रेसी गिरफ्तार

Share

Congress Protest: उत्तराखंड भर्ती घोटाला पथराव और उपद्रव के आरोप में जेल गए साथियों के बाहर आने के बाद भी बेरोजगार युवा शहीद स्थल पर धरने से नहीं उठे। वहीं दूसरी तरफ राजधानी में कांग्रेसियों ने प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में जोरदोर हंगामा किया। महिला कांग्रेस कार्यकर्ता भी इस प्रदर्शन में शामिल हुई, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार किया। उत्तराखंड कांग्रेस के विभिन्न विभागों, प्रकोष्ठों और अनुषांगिक संगठनों ने करन माहरा के नेतृत्व में कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय से पैदल मार्च निकालते हुए सचिवालय घेराव करने के लिए कूच किया, लेकिन पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को सचिवालय से पहले बैरिकेडिंग लगाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई।

वहीं, कांग्रेस नेताओं को रोके जाने से नाराज प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला और कांग्रेस नेता वीरेंद्र पोखरियाल बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। साथ ही सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन करने लगे। कुछ देर बाद पुलिस ने कांग्रेस जनों को हिरासत में ले लिया और पुलिस लाइन भेज दिया। माहरा ने कहा युवाओं की सिर्फ इतनी सी मांग है कि भर्तियों में पारदर्शिता बरती जाए। ताकि परीक्षाओं के लिए दिन रात कड़ी मेहनत कर रहे। बेरोजगारों की जगह घूसखोर लोग नौकरी ना हासिल कर लें, आज राज्य लोक सेवा आयोग के गोपन विभाग में तैनात अनुभाग अधिकारी संजीव चतुर्वेदी गिरफ्तार हो चुका है, उसके बावजूद सरकार हठधर्मिता अपनाए हुए पीसीएस मेंस का एग्जाम कराने की जल्दबाजी कर रही है। इन्हीं सब मुद्दों को लेकर कांग्रेस सड़कों पर उतर कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है।