धामी सरकार का रोडवेज कर्मचारियों को दिवाली गिफ्ट, तीन फीसदी बढ़ा महंगाई भत्ता..इतना मिलेगा बोनस

Share

देहरादून: उत्तराखंड में परिवहन निगम को लेकर कई बड़े फैसले लिए गए हैं। दरअसल परिवहन निगम के मुख्यालय में शुक्रवार को परिवहन निगम बोर्ड की बैठक हुई। बैठक में निगम के रेवेन्यू बढ़ाने से जुड़े विभिन्न मामलों से लेकर कर्मचारियों के हितों से जुड़े फैसले लिए गए। उत्तराखंड परिवहन निगम निदेशक मंडल की 32 वीं बैठक बोर्ड के अध्यक्ष आनंद वर्धन की अध्यक्षता में निगम मुख्यालय में हुई। रोडवेज के नियमित कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (डीए) तीन फीसदी बढ़ा दिया गया है। संविदा और विशेष श्रेणी कर्मचारियों का वेतन भी डीए के अनुसार बढ़ाया जाएगा। यही नहीं, कर्मचारियों को दिवाली बोनस भी मिलेगा। इसके अलावा पर्वतीय रूटों पर बसों की कमी दूर करने के लिए 150 बसें अनुबंध पर ली जाएंगी।

रोडवेज में डीए बढ़ाए जाने से 2800 नियमित कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। इन कर्मचारियों का डीए 31 से बढ़कर 34 फीसदी कर दिया गया है। इससे वेतन में 600 से लेकर 3000 रुपये तक इजाफा होगा। संविदा और विशेष श्रेणी कर्मचारियों का वेतन भी नियमित कर्मचारियों के समानुपातिक तीन फीसदी तक बढ़ेगा। बताया गया कि कर्मचारियों को सितंबर तक का वेतन मिल चुका है। अगस्त 2022 तक रिटायर कर्मचारियों की ग्रेच्युटी और नकदीकरण का भुगतान किया गया है। इसके बाद भी रोडवेज को 16.90 लाख रुपये का फायदा हुआ। रामनगर, काठगोदाम और ऋषिकेश में आधुनिक बस स्टेशन का प्रस्तुतिकरण दिया गया। इनका निर्माण पीपीपी मोड पर किया जाएगा। इस बैठक में बोर्ड अध्यक्ष आनंदवर्धन, परिवहन सचिव अरविंद सिंह ह्यांकी, अपर सचिव वित्त इकबाल अहमद और जीएम संचालन दीपक जैन मौजूद रहे।