पूर्व मुख्यमंत्रियों के बयानों से भाजपा नेतृत्व ने दोनों को किया दिल्‍ली तलब..सार्वजनिक नहीं पार्टी फोरम पर रखें अपनी बात

Spread the love

Uttarakhand BJP: पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत और त्रिवेंद्र रावत के बयानों से गरमाई सियासत के बाद बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट नई दिल्ली में केंद्रीय नेताओं से मिले थे। उनकी मुलाकात के बाद पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलने पहुंचे। पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत भी जल्द केंद्रीय नेताओं के समक्ष उपस्थित होकर अपना मंतव्य स्पष्ट करेंगे। उधर, कांग्रेस ने इस मुद्दे को लपक भाजपा पर हमले शुरू कर दिए हैं।

भट्ट ने इस भेंट को संगठन से संबंधित चर्चा पर केंद्रित बताया, लेकिन सूत्रों का कहना है कि इस दौरान मुख्यतया दोनों पूर्व मुख्यमंत्रियों के हालिया बयानों पर ही चर्चा हुई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व में उन्हें दोनों पूर्व मुख्यमंत्रियों त्रिवेंद्र सिंह रावत व तीरथ सिंह रावत से उनके बयानों के संबंध में बात करने को कहा। उन्होंने दोनों से बात कर ली है। उन्हें कहा गया है कि किसी भी विषय को मीडिया के बजाय पार्टी फोरम पर रखा जाए। अगर बयान अन्यथा प्रचारित-प्रकाशित किए जाते हैं, तो तुरंत स्थिति स्पष्ट करें।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रदेश स्तरीय नेताओं को अपनी बात मुख्यमंत्री, प्रदेश संगठन और राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष रखनी चाहिए। सूत्रों के अनुसार भाजपा नेतृत्व इस स्थिति से खुश नहीं है। खासकर, अब जबकि लोकसभा चुनाव के लिए लगभग डेढ़ वर्ष का ही समय शेष है, इस तरह के घटनाक्रम पार्टी नेताओं को असहज तो करते ही हैं, कार्यकर्त्‍ताओं का मनोबल भी इससे प्रभावित होता है। फिर जिस तरह कांग्रेस ने इस विषय को राजनीतिक मुद्दा बना भाजपा पर हमले शुरू कर दिए, उसने भी नेतृत्व को सख्त स्टैंड लेने को बाध्य किया है।