देहरादून: भारत आज़ादी की 75वीं वर्षगांठ का जश्न मना रहा है देशभर में 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है। आज से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरूआत हो गई है। देशवासी आजादी के जश्न में डूबे नजर आ रहे हैं। उत्तराखंड में भी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। रुद्रपुर, सितारगंज, मसूरी, थराली के साथ ही अन्य जगहों पर तिरंगा रैली निकाली गई है।
आज से देशभर में हर घर तिरंगा अभियान की शुरूआत हो चुकी है। इस अभियान के तहत देशभर के सरकारी और गैर-सरकारी इमारतों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराए जाने की योजना है। अब तक पूरे प्रदेश में पिछले 10 दिन से तिरंगा वितरण और जन जागरण कार्यक्रम चल रहा था। अब 13 तारीख यानी आज से भाजपा इस कार्यक्रम को बड़ा रूप दे रही है। आज से 12 बजे देहरादून से उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ के लिए प्रस्थान करेंगे। 2:30 से 3 बजे चिन्यालीसौड़ में स्वागत कार्यक्रम में भाग लेंगे। तत्पश्चात 3 बजे चिन्यालीसौड़ से उत्तरकाशी के लिए प्रस्थान करेंगे। 4 बजे से 5:30 बजे तक उत्तरकाशी में प्रदेश अध्यक्ष तिरंगा कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे व उसके बाद 5:30 बजे से 8:30 रात बजे तक उत्तरकाशी में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से शिष्टाचार भेंट करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट 14 अगस्त को सुबह 9 बजे उत्तरकाशी से प्रस्थान कर 11 से 12:30 बजे धनौल्टी विधानसभा क्षेत्र में स्वागत एवं तिरंगा कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। 2:30 से 4:00 बजे टिहरी में स्वागत व तिरंगा कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। शाम 5 बजे से 6:30 नरेंद्र नगर में स्वागत व तिरंगा कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। इस पूरे कार्यक्रम के समन्वयक प्रदेश मंत्री पुष्कर काला रहेंगे। मीडिया प्रभारी ने बताया कि आजादी का अमृत महोत्सव के उपलक्ष में शनिवार को उत्तरकाशी में स्वतंत्रता सेनानियों के अमर शौर्यगाथा का यशगान करते हुए महेंद्र भट्ट की उपस्थिति में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। उत्तरकाशी में आयोजित तिरंगा यात्रा कई मायनों में खास और ऐतिहासिक रहेगी।