गणतंत्र दिवस परेड में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन, मुख्यमंत्री धामी ने एनसीसी कैडेट्स व आरडीसी दल को सम्मानित

Spread the love

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज गणतंत्र दिवस परेड-2023 में प्रतिभाग कर लौटे एनसीसी आरडीसी के देहरादून में आयोजित सम्मान समारोह कार्यक्रम में हिस्सा लिया। सीएम ने कहा कि, गणतंत्र दिवस की परेड में भाग लेकर आए एनसीसी-आरडीसी कैडेट्स व तमाम अधिकारियों को बहुत शुभकामनाएं। आप सब लोगों ने उत्तराखण्ड का नाम रोशन करने का काम किया है। सीएम ने कहा कि, 22 साल का कालखंड इस प्रदेश का पूरा हो गया है। कर्तव्यपथ की पहली ऐतिहासिक परेड में जहां आप लोगों ने हमें गौरवान्वित किया तो वहीं मानसखंड की झांकी को प्रथम स्थान मिला। इस उपलब्धि के लिए हमारे पूरे प्रदेशवासियों को बहुत शुभकामनाएं।

सीएम ने कहा कि एनसीसी जैसे गौरवशाली संगठन से जुड़ना प्रत्येक युवा के लिए गर्व का विषय है। एनसीसी संगठन से ज्यादा एक मिशन है, जिसका उद्देश्य देश की युवाशक्ति में अनुशासन, दृढ़ निश्चय और राष्ट्र के प्रति निष्ठा की भावना को मजबूत करना है। देश के किसी भी हिस्से में जब भी कभी कोई संकट या आपदा आई, एनसीसी के कैडेट्स ने हमेशा पूर्ण समर्पण भाव के साथ अपने दायित्व का निर्वहन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गर्व की बात है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दोनों ही दक्ष एनसीसी कैडेट्स रहे हैं। एनसीसी वो नर्सरी है, जहां भविष्य के वीर सैनिक तैयार होते हैं। इसलिए वर्तमान में एनसीसी के विस्तार और आधुनिकीकरण पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशन में केंद्र सरकार की ओर से विशेष ध्यान दिया जा रहा है।