देहरादून जिलाधिकारी सविन बसंल ने सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में जनता दर्शन कार्यक्रम में जन समस्याएं सुनी। दूर दराज से पंहुचे लोगों ने भूमि विवाद, सीमांकन, घरेलू हिंसा, प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर, आर्थिक सहायता, ऋ़ण माफी आदि से जु़ड़ी 102 समस्याएं रखी। Janta Darshan Program जिलाधिकारी ने मौके पर ही कई मामलों का ऑन द स्पॉट निस्तारण किया साथ ही कुछ प्रकरणों को इससे जुड़े विभागों को अग्रसारित करते हुए विधि सम्मत त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उच्च प्राथमिकता पर उनका समाधान करना सुनिश्चित करें। जनता दरबार में प्रगति आजीविका स्वयं सहायता समूह की चार महिलाओं की आईडी का इस्तेमाल कर बिना उनकी जानकारी के दूसरे समूह की महिला द्वारा 5 लाख का ऋण लिए जाने की शिकायत पर डीएम ने फाइनेंशियल फ्रॉड के तहत केस दर्ज कराने के निर्देश दिए।
सेलाकुई निवासी सरिता देवी ने भूमाफियाओं द्वारा उनके नाम रजिस्ट्री वाली भूमि पर जबरन कब्जा करने, रास्ता और सिंचाई नहर बंद कर उन्हें परेशान करने की शिकायत पर एसडीएम विकासनगर को जांच कर आख्या देने को कहा। मजदूरी करने वाले गरीब पप्पू कुमार ने अपनी व्यथा सुनाते हुए कहा कि ऋण की किस्त नियमित अदा करने पर भी बैंक द्वारा बिना पूर्व सूचना के उनके संपत्ति बेचने का नोटिस जारी किया गया है। जिससे वह मानसिक रूप से बहुत परेशान है। इस पर एलडीएम को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं निरंजनपुर निवासी राम आशीष ने बैंक ऋण माफ करवाने की गुहार लगाई। बंसत विहार निवासी 69 वर्षीय बुजुर्ग अभय अरोड़ा ने बताया कि उनके घर में उनकी दिव्यांग पत्नी व दिव्यांग पुत्र है। इस उम्र में वे स्वयं बीमार रहते है। घर की आर्थिक स्थिति ठीक न होने पर उन्होंने आर्थिक सहायता की गुहार लगाई, इस पर एसडीएम को जांच कर प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वहीं गरीब असहाय महिला रामा ने बेटी की शादी के लिए आर्थिक मदद की गुहार लगाई।