समय के साथ-साथ सोशल मीडिया के अनेको प्लेटफॉर्म का प्रयोग दिन-प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। डिजिटल क्रांति के इस युग ने जहां एक ओर इंसान को मनमर्जी का भरपूर मनोरंजन दिया है तो वहीं दौड़भाग की ज़िदगी में अपनी बात को समाज के बीच रखने का एक बेहतरीन माध्यम भी दिया है। जहां एक ओर Recognize मीडिया जगत” किसी खबर की पुष्टि करने के पश्चात ही खबर को प्रसारित करता है तो वहीं अनगिनत सोशल नेटवर्किंग साइट्स में कुछ नासमझ फेसबुकिए अपनी id से सस्ती लोकप्रियता पाने अथवा द्वेष भावना से ऐसे “कंटेंट/कमेंट” अपलोड कर देते हैं जो समाज में हलचल तो पैदा करते हैं। ऐसे ही एक मामला हरिद्वार से सामने आया है।
जहां हरिद्वार में पथरी क्षेत्र के जंगल में काठा पीर दरगाह पर पिछले पांच दिन से सालाना उर्स चल रहा था। इस अवसर पर लगे मेले में दुकानें और झूले-सर्कस भी लगाए गए थे। उर्स और मेले में बड़ी संख्या में सर्व धर्म के श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। शनिवार को एक युवक ने अपने फेसबुक अकाउंट से एक वीडियो वायरल की, जिसमें कुछ लड़के पुलिसकर्मियों की पिटाई करते नजर आए। इस वीडियो को युवक ने काटा पीर दरगाह की वीडियो बताकर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने पर पुलिस हरकत में आ गई। जांच की तो पता चला कि वीडियो किसी दूसरे प्रदेश का है। इस पर पुलिस ने वीडियो वायरल करने वाले शौकीन निवासी सिद्डू लक्सर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि शौकीन का मेला लगवाने वाले दूसरे पक्ष से कोर्ट में विवाद चला आ रहा है। इसी के चलते दोनों में रंजिश बनी हुई है। शौकीन ने उस को बदनाम करने के लिए पुलिसकर्मियों की पिटाई की फर्जी वीडियो वायरल कर दी थी।
पथरी थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि पांच दिन तक चले उर्स और मेले को पुलिस की ओर से पूरी मेहनत कर सकुशल संपन्न कराया है। कुछ लोगों ने रंजिश के तहत साजिश रचकर इस मेले की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया है। काठा मेला क्षेत्र का अकेला ऐसा मेला है, जो 24 घंटे चलता है और लोग मेले में 24 घंटे आते जाते रहते हैं। यही कारण है कि यहां पर पुलिस की जिम्मेदारी और ज्यादा बढ़ जाती है। मेले में किसी तरह का कोई बवाल ना हो, इसके लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया था। यही कारण रहा कि 5 दिन तक चले इस मेले में ना तो किसी जेब कटी और ना ही किसी तरह का कोई बवाल हुआ लेकिन कुछ लोगों ने साजिश कर इस मेले की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया है। पुलिस का कहना है कि फर्जी वीडियो के सूत्रधार को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ इस साजिश को रचने वाले अन्य लोगों की तलाश की जा रही है, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।