चंपावत से दुखद खबर: महिला उप निरीक्षक की थाने के सामने ही कैंटर से कुचल कर मौत

Share

बनबसा (चंपावत): उत्तराखंड के चंपावत जिले के बनबसा थाने में तैनात महिला उप निरीक्षक विजयलक्ष्मी की बुधवार को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार दरोगा विजयलक्ष्मी दोपहर को जब थाना बनबसा से बाहर निकल अपने घर जाने को गाड़ी में बैठ रही थी तभी पीछे से आते तेज रफ्तार कैंटर ने टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह जगवाण उन्हें टनकपुर अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया। सड़क हादसे में दिवंगत महिला एसआई विशेष श्रेणी विजय लक्ष्मी विश्वकर्मा कुछ माह बाद ही सेवानिवृत्त होने वाली थीं।

वहीं कुछ साथी पुलिस कर्मियों ने मौके पर ही कैंटर चालक पप्पू राम पुत्र जयराम निवासी गुमदेश लोहाघाट को गिरफ्तार कर लिया। वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सड़क पर गिरने से विजय लक्ष्मी का सिर फट गया और काफी खून बह गया। कैंटर से सड़क किनारे खड़े कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घायल विजय लक्ष्मी को थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह तत्काल उपजिला चिकित्सालय ले गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉ. मो. उमर ने बताया कि अस्पताल लाने से पहले ही विजय लक्ष्मी की मौत हो चुकी थी।

महिला दरोगा विजय लक्ष्मी 1983 में कांस्टेबल पद पर पुलिस विभाग में भर्ती हुई थी। वह विभिन्न जनपदों में सेवाएं देने के बाद 2019 में बनबसा थाने में विशेष श्रेणी महिला दरोगा के पद पर पदोन्नत हुई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उपनिरीक्षक विजय लक्ष्मी की सड़क दुर्घटना में मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने उनके शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। वहीं दरोगा विजयलक्ष्मी की मौत के बाद बनबसा थाने में शोक का माहौल है।