उत्तराखंड में नकल विरोधी कानून में पहला मुकदमा दर्ज, वन दारोगा भर्ती परीक्षा में भाई की जगह पेपर दे रहा मुन्ना भाई पकड़ा

Spread the love

Haridwar News: सीएम पुष्कर सिंह धामी के नकल विरोधी कानून बनाने के बाद एक शख्स को नकल करते पकड़ा गया है। यूकेएसएसएससी द्वारा आयोजित उत्तराखंड वन दरोगा भर्ती परीक्षा में युवक अपने भाई राहुल सैनी के स्थान पर परीक्षा केन्द्र इंटर कॉलेज सीतापुर ज्वालापुर में परीक्षा देने पहुंचा था। लेकिन एडमिट कार्ड और भरे गए फॉर्म की जांच करने पर युवक पकड़ा गया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रदेश में नकल विरोधी कानून बनने के बाद पहला मुकदमा ज्वालापुर कोतवाली में दर्ज किया गया है। यह मुकदमा अंकित सैनी नाम के युवक के खिलाफ दर्ज किया गया है।

पुलिस का कहना है कि एडमिट कार्ड और भरे गए फॉर्म में संदिग्ध पाए जाने पर मुकदमा दर्ज किया गया है। बता दें कि यूकेएसएसएससी द्वारा आयोजित उत्तराखंड वन दरोगा भर्ती परीक्षा बीते दिन कोतवाली ज्वालापुर में परीक्षा केंद्र इंटर कॉलेज सीतापुर ज्वालापुर में आयोजित की जा रही थी। परीक्षा केंद्र पर एक परीक्षार्थी के पास अंकित सैनी पुत्र राजेश सैनी निवासी ग्राम-फरकपुर डाडा पट्टी पोस्ट हसनपुर मदनपुर थाना भगवानपुर जनपद हरिद्वार अनुक्रमांक-13 14 83 1156 का एडमिट कार्ड था। परीक्षा केंद्र पर आए इस युवक के एडमिट कार्ड का मिलान परीक्षा उपस्थिति पंजिका व केंद्र सूची से करने पर उपरोक्त अनुक्रमांक पर परीक्षार्थी का नाम राहुल सैनी अंकित पाया गया।

परीक्षा समाप्ति के बाद आयोग प्रतिनिधि पंकज सुंद्रियाल व केंद्र व्यवस्थापक दिनेश सिंह चौहान की जांच में इस बात का पता चला कि युवक द्वारा गैर कानूनी रूप से परीक्षा का प्रश्न पत्र प्राप्त कर भर्ती परीक्षा का प्रश्न पत्र हल किया है। जिसके बाद केंद्र व्यवस्थापक व प्रधानाचार्य दिनेश सिंह चौहान की तहरीर पर कोतवाली ज्वालापुर में युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। एसएसपी अजय सिंह का कहना है कि वन दरोगा की परीक्षा आज हरिद्वार के विभिन्न सेंटरों पर आयोजित की गई थी। जिसमें एक सेंटर सीतापुर ज्वालापुर क्षेत्र का भी है, जहां पर एक संदिग्ध छात्र केंद्र व्यवस्थापक को मिला। जिसकी जांच करने के बाद पाया गया कि अंकित सैनी नाम का युवक अपने भाई के नाम पर परीक्षा देने पहुंचा था। जिसके बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि युवक से मामले में पूछताछ की जा रही है।