गजब के चोर! पहले खिचड़ी बनाई, फिर नहाया और सुबह ले उड़े सारा कीमती सामान

Spread the love

हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी में चोरों के बुलंद हौसले देख पुलिस भी सकते में है। हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र में चोरी की एक अजीब घटना सामने आई है। यहां चोरों ने इत्मीनान से रातभर घर खंगाला। घर का पूरा सामान बिखरा पड़ा है। हैरानी की बात यह है कि चोरों को किसी का डर नहीं था। रातभर घर में रहने के बाद घर के अंदर ही चोरों ने भगोने में खिचड़ी बनाई। खिचड़ी खाने के बाद भगोना पलंग पर रखा। इतना ही नहीं, इसके बाद सुबह बाथरूम में नहाया भी और फिर नकदी और लाखों के जेवरात लेकर घर से आराम से निकल गए। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी खंगाल रही है। मिली जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र में हिम्मतपुर मल्ला निवासी लक्ष्मण सिंह अधिकारी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं।

बताया जा रहा है कि लक्ष्मण सिंह पांच महीने पहले 6 सितंबर 2022 को अपने बेटे से मिलने जमशेदपुर गए हुए हैं। तब से घर पर ताला लगा है। पड़ोसी ही घर की देखरेख कर रहे थे। बीती 6 फरवरी को पड़ोसियों ने घर का ताला टूटा देखा तो उनके होश उड़ गए। साथ ही इसकी सूचना लक्ष्मण सिंह और पुलिस को दी। सूचना पाकर एसओ रमेश बोरा टीम संग मौके पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पड़ोसियों की मानें तो चोरों ने रातभर घर खंगाला। घर के अंदर भगोने में खिचड़ी बनाकर खाई और सुबह नहाना भी किया। जिसके बाद जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। मुखानी थानाध्यक्ष रमेश बोरा ने कहा कि आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही चोरों को पकड़कर सभी सामान बरामद कर लिया जाएगा।