Chamoli Accident: झुलसे पांच और पीड़ितों को हेली एंबुलेंस से लाया गया एम्स, दो की स्थिति गंभीर; एक का काटा बायां हाथ व पैर

Spread the love

चमोली में नमामि गंगे परियोजना के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में करंट दौड़ने की घटना में झुलसे पांच अन्य लोगों बृहस्पतिवार को एम्स में भर्ती कराया गया। पांचों को हेली एंबुलेंस से एम्स लाया गया। चमोली घटना के एम्स में भर्ती होने वालों की संख्या बढ़कर 11 पहुंच गई है। इनमें दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। जबकि अन्य सभी घायलों का एम्स के ट्रामा वार्ड में उपचार चल रहा है। गुरुवार को आए घायलों में 24 वर्षीय अभिषेक पाल, 49 वर्षीय पवन सिंह राठौर , 20 वर्षीय जयदीप , 41 वर्षीय धीरेन्द्र रावत और 27 वर्षीय सुभाष खत्री शामिल हैं। ट्रामा सर्जन डा. नीरज कुमार ने बताया कि इन घायलों की आवश्यक मेडिकल जांचें की जा रही हैं। बहरहाल इनमें से कोई भी घायल गंभीर स्थिति में नहीं है।

उधर, बीते बुधवार को भर्ती किए गए छह घायलों में से जेई जल संस्थान संदीप मेहरा और सुशील की हालत गंभीर बनी है। चिकित्सकों ने बताया कि करंट लगने से गंभीर रूप से झुलसने के कारण संदीप मेहरा की बायें हाथ और बायें पैर की मांसपेशियां पूरी तरह जल गई थी। उनकी जान बचाने के लिए उनका बायां हाथ और बायां पैर काटना पड़ा। क्योंकि इससे उनकी किडनी भी प्रभावित हो रही थी। वह अभी ट्रामा आइसीयू मे वेंटीलेटर पर हैं। जबकि सुशील के सिर में चोट लगने के कारण वह पूरी तरह होश में नहीं हैं। हालांकि उनकी हालत में पहले से सुधार है। उन्होंने बताया कि स्थिति गंभीर होने के कारण इन दोनों घायलों को चिकित्सकों की गहन निगरानी में रखा गया है और उनका उपचार जारी है।