उत्तराखंड में भाजपा के पांच नए सांगठनिक जिले, 15 सितंबर तक सभी मोर्चे और प्रकोष्ठ होंगे गठित

Share

Uttarakhand BJP: लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी के तहत भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश में पांच नए संगठनात्मक जिले गठित कर दिए हैं। दूसरी ओर, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की नई टीम के मोर्चे और प्रकोष्ठ 15 सितंबर तक गठित कर दिए जाएंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने रविवार को प्रांत्तीय पदाधिकारियों की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने नए सांगठनिक जिलों की अनुमति दे दी है। अब जल्द ही इनकी कार्यकारिणी गठित की जाएंगी।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की अध्यक्षता में नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों व जिला अध्यक्षों की बैठक में पांच नए संगठनात्मक जिलों के गठन की सूचना दी गई। इसमें रुड़की, ऋषिकेश, कोटद्वार, काशीपुर और रानीखेत का नाम शामिल है। बैठक में तय किया गया कि 15 सितंबर तक सभी मोर्चे और प्रकोष्ठ भी गठित कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही महिला मोर्चा के प्रदेश भ्रमण कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया गया। वहीं, हरिद्वार पंचायत चुनाव की जिम्मेदारी अल्पसंख्यक मोर्चे को सौंपी गई है।

बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी अपने काम के बूते इस मुकाम पहुंची है। सामाजिक परिवर्तन की दिशा में भाजपा ने चिंतन और मनन के आधार पर समाज को खुद से जोड़ा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारों में सभी कार्य योजना समाज को केंद्रित करके बनती है। सरकार के सभी निर्णय निचले स्तर पर कार्यकर्ताओं के माध्यम से पहुंच रहे हैं। उसी का परिणाम है कि 2022 में भाजपा सरकार प्रदेश में दोबारा स्थापित हुई है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए मिशन 2024 में जुटने का आह्वान किया।