Haridwar Panchayat Election 2022: 26 सितंबर को हुए हरिद्वार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना 28 सितंबर से शुरू हुई थी। तीन दिन बाद देर शाम तक ग्राम पंचायत, बीडीसी और जिला पंचायत की सभी सीटों के परिणाम घोषित हो चुके है। भाजपा ने विधानसभा चुनाव का बदला पूरा करते हुए जिला पंचायत सदस्यों में सबसे अधिक 14 सीटों पर जीत दर्ज की है। राज्य गठन के बाद पहली बार भाजपा का ये बेहतरीन प्रदर्शन है। वहीं, बसपा 6 और कांग्रेस 5 सीटों पर सिमट गई है। पहली बार चुनाव मैदान में उतरी आम आदमी पार्टी और राष्ट्रीय लोकजन पार्टी ने एक-एक सीट जीतकर खाता खोला है जबकि 17 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशी जीते हैं।
जिला पंचायत की 44 में से 14 सीट जीतकर भाजपा न केवल प्रतिद्वंद्वियों पर बढ़त बनाने में सफल रही, अपितु अब अन्य दलों के विजयी सदस्यों को अपने पाले में लाकर और निर्दलीयों की मदद से पहली बार बोर्ड बनाने जा रही है। हरिद्वार जिले में पंचायत चुनाव का प्रदर्शन भाजपा के लिए इसलिए भी बड़ी राहत देने वाला है, क्योंकि इस वर्ष की शुरुआत में हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन पहले की अपेक्षा कमजोर रहा था। महज सात महीने पहले हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा को केवल तीन सीटें मिली थीं, जबकि कांग्रेस पांच व बसपा के हिस्से दो सीटें आई। भाजपा को मिली तीनों सीटें शहरी क्षेत्रों की हैं। यानी ग्रामीण क्षेत्र में भाजपा प्रतिद्वंद्वी पार्टियों से पिछड़ गई थी।
अब पंचायत चुनाव में जिला पंचायत की 44 में से भाजपा ने 14 सीटों पर जीत हासिल की। कांग्रेस को पांच व बसपा को छह सीटों पर सिमटना पड़ा। पिछले चुनाव में जिला पंचायत की तस्वीर इसके बिल्कुल उलट थी। तब भाजपा के पास केवल तीन सीट थीं, जबकि बसपा 16 व कांग्रेस 13 सीटें जीतने में सफल रही थीं। साफ है कि इस पंचायत चुनाव में भाजपा ने जोरदार प्रदर्शन कर राज्य गठन के बाद पहली बार जिला पंचायत बोर्ड बनाने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। भाजपा को मिली इस सफलता के पीछे पार्टी की सुविचारित रणनीति की अहम भूमिका रही। भाजपा ने यह चुनाव चंपावत विधानसभा उपचुनाव की तर्ज पर बूथ पर ध्यान केंद्रित कर लड़ा।
यही नहीं, भाजपा चुनाव परिणाम के बाद बोर्ड बनाने के लिए जरूरी बहुमत के 23 के आंकड़े को छूने के लिए भी सुनियोजित तरीके से आगे बढ़ी। इसीलिए भाजपा ने अन्य दलों और निर्दलीय, कुल 17 नव निर्वाचित सदस्यों को रविवार तक पार्टी में शामिल कराकर 44 सदस्यीय जिला पंचायत में अपने सदस्यों का आंकड़ा 31 तक पहुंचा दिया। बता दे, उत्तराखंड बनने के बाद से अबतक हरिद्वार जिला पंचायत चुनाव में भाजपा आठ से ज्यादा सदस्य कभी नहीं जीती है। साल 2000 में भाजपा के दो, 2005 में तीन और 2010 में आठ सदस्य व 2015 में तीन सदस्य जीते थे। 2019 उपचुनाव में भाजपा ने चार सदस्यों के बूते बसपा, निर्दलीय आदि की मदद से जिला पंचायत अध्यक्ष की सीट पर कब्जा किया था। उपचुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी को 25, जबकि निर्दलीय को 20 वोट मिले थे।