उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने साफ किया है कि हरीश रावत से उनकी बातचीत हुई है और किसी तरह की नाराज़गी नहीं है। रावत ने केवल इतना कहा है कि जो नेता चुनाव जीतने की क्षमता रखते हैं, उन्हें पार्टी में शामिल किया जाए और प्राथमिकता दी जाए। Statement of Congress President Ganesh Godiyal गोदियाल ने बताया कि हाल ही में शामिल हुए सभी नेताओं को बिना किसी शर्त के पार्टी में लिया गया है। और उन्होंने भी साफ कहा है कि अगर सर्वे में कोई और उम्मीदवार ज्यादा मजबूत पाया जाता है तो वे पार्टी के लिए काम करेंगे। गोदियाल ने बताया कि विभिन्न नेताओं के जरिए मिले नामों को संकलित कर 18 लोगों की सूची हाईकमान को भेजी गई थी, जिसमें से फिलहाल 6 नामों को सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद मंजूरी दी गई है। बाकी नामों पर भी जल्द फैसला होगा और हर महीने प्रभावशाली लोगों को पार्टी में शामिल करने की रणनीति जारी रहेगी। उन्होंने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कई लोग उसके कामकाज से नाराज़ हैं और इसी वजह से बड़ी संख्या में लोग कांग्रेस में शामिल होना चाहते है।