गणेश जोशी ने हरीश रावत को दी नसीहत, कहा- अब राजनीति की नहीं रही उम्र, हर की पैड़ी पर करें भजन

Spread the love

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और कांग्रेस नेता हरीश रावत के बीच खटास अब तक बरकरार है। गणेश जोशी ने एक बार फिर हरीश रावत पर जमकर निशाना साधा है। साथ ही उन्हें राजनीति छोड़कर भजन-कीर्तन करने की नसीहत दी है। गणेश जोशी ने हरीश रावत को हर की पैड़ी पर आकर भजन करने की नसीहत दी है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का कहना है कि अब हरीश रावत की उम्र ज्यादा हो गई है। उन्हें हर की पैड़ी पर आकर भजन कीर्तन करने चाहिए ना की राजनीति करनी चाहिए। बता दें कि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी हरिद्वार दौरे पर रहे। यहां उन्होंने जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद से मुलाकात की और आशीर्वाद लिया।

इस दौरान मीडिया से बात करते हुए गणेश जोशी ने कहा कि हरीश रावत ने साल 2016 में जब उन्हें जेल भेजा था, तभी जेल से लौटने के बाद भविष्यवाणी की थी की हरीश रावत दोनों जगह से चुनाव हारेंगे, जोकि सही साबित हुई। इसलिए मेरी अब हरीश रावत को सलाह है कि वह हर की पैड़ी पर आकर भगवान का भजन कीर्तन करें। मुझे याद है कि पूर्व सीएम स्वर्गीय एनडी तिवारी हर की पैड़ी पर आकर भजन कीर्तन किया करते थे। अब हरीश रावत का भी वो समय आ गया और हरीश रावत को चाहिए कि वह हर की पैड़ी पर आकर भजन कीर्तन करें और भगवान का नाम लें। बता दें कि कैबिनेट मंत्री मंत्री गणेश जोशी अपने बयानों से सुर्खियों में बने रहते हैं। गणेश जोशी कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी विवादित बयान दे चुके हैं। जिसको लेकर सूबे में सियासत तेज हो गई थी।