Uttarakhand weather: फरवरी में भीषण गर्मी के लिए हो जाएं तैयार, उच्च हिमालयी इलाकों में एवलांच की संभावना

Spread the love

Uttarakhand Weather News: उत्तराखंड में जल्द ही भीषण गर्मी दस्तक दे सकती है। मौसम के जानकार इस बात की और इशारा कर रहे हैं। कई दिनों से मौसम साफ बना हुआ है। हालांकि सुबह और रात हल्की ठंडक बनी हुई है। लेकिन आने वाले दिनों में मौसम में गर्मी का असर दिखने वाला है। जिस तरह का मौसम बन रहा है, उससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस बार गर्मी पिछले कई रिकॉर्ड तोड़ेगी। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज से दक्षिण पश्चिम की हवाओं की दस्तक से तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी और गर्मी का दौर शुरू हो जाएगा।

जीबी पंत कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. आरके सिंह ने बताया कि क्लाइमेट तेजी के साथ बदल रहा है। इसलिए भीषण ठंड पड़ रही है। मैदान में भी पारा एक से दो डिग्री तक पहुंच जाता है। जब बारिश होती है तो दो से तीन दिन में ही एक पखवाड़े की बारिश हो जाती है। इसी तरह इस साल गर्मी भी भीषण पड़ेगी। साथ ही अगले एक माह में बारिश होने के फिलहाल कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह के अनुसार राज्य के पर्वतीय इलाकों में खासकर दो हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी के चलते न सिर्फ ग्लेशियर तेजी से पिघलेंगे, बल्कि ग्लेशियरों के टूटने और हिमस्खलन की भी पूरी संभावना है। इससे नदियों का जल स्तर भी तेजी से बढ़ सकता है।