उत्तराखंड: पुलिसकर्मियों के लिए खुशखबरी, अब जन्मदिन व सालगिरह पर मिल सकेगा अवकाश

Share

Uttarakhand Police: उत्‍तराखंड के डीजीपी अशोक कुमार ने पुलिस कर्मियों को सौगात दी है। अब पुलिस कर्मियों द्वारा अपने या अपने परिवार के किसी सदस्य के जन्मदिन व सालगिरह पर आकस्मिक अवकाश दिया जा सकेगा। डीजीपी अशोक कुमार ने इस छुट्टी को तत्काल मंजूर करने के निर्देश जारी किए हैं। वह जमीनी स्तर पर काम करने वाले अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के साथ संवाद कर रहे थे। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने अपनी समस्याएं भी बताईं। पुलिस लाइन में डीजीपी के साथ संवाद में डीएसपी, इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर, एएसआई, हेड कांस्टेबल और सिपाहियों ने हिस्सा लिया। इन अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुलिसिंग को बेहतर करने के सुझाव भी दिए। साथ ही समस्याओं के निस्तारण की कार्ययोजना भी बताई।

ये महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए

  • सत्यापन अभियान लगातार चलाए जाएंगे एवं समय-समय पर उनकी समीक्षा की जाएगी।
  • अभिसूचना विभाग को सूचनाओं पर प्रोएक्टिव होकर कार्य करने के निर्देश दिए गए।
  • यातायात व्यवस्था के दृष्टिगत मुनिकीरेती व रुड़की क्षेत्र से यातायात उप निरीक्षकों व सीपीयू टीम को यातायात सुधार हेतु ऋषिकेश एवं मसूरी स्थानान्तरित करने के निर्देश दिए।
  • पुलिस के आधारभूत प्रशिक्षण में उत्तराखंड पुलिस एप, गौरा शक्ति योजना एवं अन्य तकनीकी सेवाओं के प्रशिक्षण जोड़ने को निर्देश दिए।
  • साइबर, ड्रोन एवं कम्प्यूटर से सम्बन्धित समस्त प्रशिक्षण डाइटेक देहरादून की आधुनिक लैब में कराये जाने का निर्णय लिया गया।
  • समस्त पुलिस कर्मियों को वार्षिक हेल्थ चेकअप आयोजित करने एवं स्ट्रेस मैनेजमेंट के अधिक से अधिक जागरूकता सत्र चलाने के निर्देश दिए।
  • अन्य राज्यों में पुलिस के द्वारा किए जा रहे विशेष अभियानों की समीक्षा कर लागू करने के भी निर्देश दिए।
  • एसडीआरएफ, फायर सर्विस, यातायात पुलिस को पैरामेडिकल की ट्रेनिंग भी दी जायगी, जिससे गोल्डन आवर में घायलों की जान बचाई जा सके।