उत्तराखंड की शांत वादियों को न जाने किसकी बुरी नजर लग गई है। यहां मैदानी क्षेत्रों में अपराधों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। ताजा मामला लक्सर का है, जहां बाइक पर सवार हथियारबंद बदमाशों ने पीछा कर रहे पुलिसकर्मियों पर दिनदहाड़े फायर झोंक दिया। फायरिंग में दो सिपाही घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। गंभीर रूप से घायल सिपाही को इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना के बाद से पुलिस पूरे जिले में नाकाबंदी कर चेकिंग कर रही है। जानकारी के मुताबिक बीती शाम पांच बजे के आसपास लक्सर कोतवाली की कस्बा चौकी में तैनात सिपाही पंचम प्रकाश व राजेंद्र सिंह एक ही बाइक पर नगर में गश्त कर रहे थे। इस दौरान उन्हें बाइक पर सवार दो युवक दिखाई दिए, जिनमें से एक के हाथ में तमंचा था।
इस पर सिपाही दूसरी बाइक से उनका पीछा करने लगे। लक्सर नगर के फ्लाईओवर पर सिपाहियों ने अपनी बाइक बदमाशों से आगे निकालकर उन्हें रोकने की कोशिश की। जिस पर बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े सिपाहियों पर फायरिंग कर दी। बताया गया है कि बदमाशों ने तीन राउंड फायर किए। बदमाशों की गोली लगने से दोनों सिपाही घायल होकर गिर पड़े। उनके गिरते ही बदमाश फरार हो गए। लोगों ने दोनों घायल सिपाहियों को पास के निजी नर्सिंग होम भिजवाया। एक सिपाही राजेंद्र सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है, उसे इलाज के लिए हायर सेंटर भेजा गया है। जबकि, दूसरे सिपाही की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बदमाशों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी, पूरे जिले में नाकाबंदी कर चेकिंग की जा रही है।