उत्तराखंड: देश में पहली बार 175 रुपए का सिक्का जारी होने वाला है। जल्दी ही ये सिक्का जारी होने वाला है। इस सिक्के का उत्तराखंड से खास कनेक्शन है। बता दे, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) रुड़की के 175 साल पूरा होने के मौके पर केंद्र सरकार 175 रुपये का सिक्का जारी करेगी। ये वित्त मंत्रालय द्वारा पिछले महीने के अंत में जारी हुई गजट नोटिफिकेशन के आधार पर होगा। हालांकि, नोटिफिकेशन में इस बात की जानकारी नहीं दी गई है कि किस तारीख को सिक्का जारी किया जाने वाला है।
सिक्कों के संग्रहकर्ता सुधीर लुणावत के मुताबिक देश में पहली बार जारी होने वाले 175 रुपए के सिक्के का वजन 35 ग्राम होगा। इसमें 50 फीसदी चांदी, 40 फीसदी तांबा और 5-5 फीसदी निकल, जस्ते का मिश्रण होगा। इसकी गोलाई 44 मिलीमीटर होगी। सिक्के के मुख्य भाग पर भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, रुड़की उत्तराखंड के मुख्य प्रशासनिक भवन (जेम्स थॉमस इमारत) का फोटो होगा। फोटो के नीचे मध्य भाग में 175 वर्ष लिखा होगा। इमारत की ऊपरी परिधि में हिंदी, जबकि निचली परिधि में अंग्रेजी में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान लिखा होगा। इमारत के नीचे दाईं तरफ 1847 और बाईं तरफ 2022 लिखा होगा। सिक्के की दूसरी तरफ अशोक स्तंभ के नीचे सत्यमेव जयते के साथ 175 लिखा होगा।
IIT रुड़की के डायरेक्टर एके चतुर्वेदी ने कहा, ‘हमें बेहद खुशी हो रही है कि भारत सरकार ने हमारे प्रस्ताव को स्वीकार किया है। और इसी के तहत गजट नोटिफिकेशन में एक खास 175 रुपये के सिक्के को जारी करने की बात कही गई। बता दें कि IIT रुड़की को 1847 में ब्रिटिश साम्राज्य के पहले इंजीनियरिंग कॉलेज के रूप में स्थापित किया गया था। तब इसे रुड़की कॉलेज के नाम से जाना जाता था। बाद में 1854 में इसका नाम बदलकर थॉमसन कॉलेज ऑफ सिविल इंजीनियरिंग कर दिया गया। आजादी के बाद इस संस्थान को आजाद भारत के पहले इंजीनियरिंग यूनिवर्सिटी के रूप में जाना गया। वहीं, 2001 में केंद्र सरकार ने इसे IIT में तब्दील कर दिया गया। वर्तमान में देश में 23 IIT हैं।