जोशीमठ विस्थापितों के लिए स्वरोजगार के रास्ते खोलेगी सरकार, सीएम धामी ने दिए विस्तृत योजना बनाने के निर्देश

Spread the love

जोशीमठ में हो रहे भू धंसाव और मकानों में आई दरारों से खतरा बढ़ गया है। दिन प्रतिदिन दरार पड़ने वाली घरों की संख्या बढ़ रही है। सीएम पुष्कर सिंह धामी लगातार जोशीमठ की हालात पर नजर बनाए हुए हैं। सीएम वहां चल रही राहत एवं बचाव कार्य का पल-पल मॉनिटरिंग कर रहे हैं। सरकार पूरे दमखम से व्यवस्थाओं को मुकम्मल करने की जुटी हुई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अफसरों को निर्देश दिए कि जोशीमठ के प्रभावित क्षेत्र से जो लोग विस्थापित होंगे, उनको स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विस्तृत योजना बनाई जाए। विस्थापितों की आजीविका प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए अभी से योजना बनाकर आगे कार्य करें।

सीएम धामी ने कहा जिन स्थानों पर प्रभावितों को विस्थापित किया जाएगा, वहां उनको सरकार द्वारा हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। बोर्ड परीक्षाएं भी निकट हैं, प्रभावित क्षेत्र के बच्चों को पढ़ाई एवं परीक्षा देने में किसी भी प्रकार से परेशानी न हो, इसके लिए भी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। मुख्यमंत्री ने सचिव आपदा प्रबंधन को निर्देश दिये कि जोशीमठ के प्रभावित क्षेत्र के लोगों को पुनर्वास एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए कितनी धनराशि की आवश्यकता होगी, इसका गहनता से आंकलन किया जाए। जिलाधिकारी चमोली से लगातार समन्वय रखकर एवं स्थानीय लोगों के सुझावों के आधार पर सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर आंकलन किया जाए।