हरिद्वार डीएम ने सरकारी दफ्तरों में मारा छापा, जानिए किस बात को लेकर जताई नाराजगी; वेतन रोका

Spread the love

हरिद्वार जिले के नवागंतुक जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह ने कमान संभालने के बाद अपनी कार्यशैली का प्रदर्शन करना शुरू कर दिया है। Haridwar DM raids government offices हरिद्वार के नए जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह ने विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने 10:15 बजे से विभिन्न सरकारी कार्यालयों का निरीक्षण कर कई अनियमितताएं पकड़ीं। मुख्य शिक्षाधिकारी कार्यालय निरीक्षण के दौरान मुख्य शिक्षा अधिकारी केके गुप्ता, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी दर्शन सिंह, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अशोक वैद्य, प्रधान सहायक दीपक सैनी, ड्राइवर मनवर सिंह नेगी तथा जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय बेसिक/माध्यमिक में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी महेश मैथानी अनुपस्थित पाए गए।

जिलाधिकारी ने ऐसे अफसरों और कर्मचारियों का वेतन रोकने के साथ ही लापरवाही पर स्पष्टीकरण तलब किया है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी कार्यालय में निरीक्षण के दौरान जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत और डाटा एंट्री ऑपरेटर गौरव उप्रेती गैर हाजिर मिले। जिलाधिकारी ने अनुपस्थित पाए गए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का वेतन रोकने व स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचें। कार्यालय में आने वाले व्यक्तियों और फरियादियों की पूरी शालीनता से समस्याएं सुनकर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करें। डीएम ने साफ कहा कि उनकी अनुमति के बिना कोई भी अधिकारी मुख्यालय नहीं छोड़ेगा।