हरीश रावत का विरोधियों पर प्रहार, सीएम हाउस में उपवास पर बैठने की चेतावनी, ये है पूरा मामला

Spread the love

हरिद्वार: उत्तराखंड में विपक्षी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत आगामी 6 अगस्त को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आवास पर उपवास पर बैठने वाले हैं। हो सकता है कि वह एक से ज़्यादा दिन भी अपना यह आंदोलन करें। इस तरह की बात उन्होंने हरिद्वार में ज़िला पंचायत चुनाव में हो रही देरी को लोकतंत्र की हत्या की साज़िश बताते हुए कही। हरीश रावत ने कहा आरक्षण की आड़ में राज्य सरकार लगातार पंचायत चुनाव को टाल रही है।

हरिश रावत ने आरोप लगाया कि योग्य और समर्थ उम्मीदवार पंचायत चुनाव न लड़ सकें, इस तरह के हथकंडे राज्य सरकार अपना रही है। रावत के साथ ही कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने भी धामी सरकार की नीयत पर सवाल खड़े करते हुए सरकार और चुनाव आयोग के बीच मिलीभगत का आरोप भी जड़ा। उन्होंने कहा भाजपा हरिद्वार में पंचायत चुनाव में अच्छे जनसेवक को नहीं आने देना चाहती, इसी वजह से मनमाना आरक्षण एक नेता के इशारे पर किया गया है, जो खुले तौर पर भाजपा लोकतंत्र की हत्या है।

सीएम आवास के बाहर उपवास करने की घोषणा करते हुए हरीश रावत ने कहा कि भाजपा सरकार नहीं चाहती कि चुनाव में अच्छे नेता जीतें और जनता की सेवा करें इसलिए उत्तराखंड की भाजपा सरकार पंचायत चुनाव को टालकर लोकतंत्र की जड़ों को कमजोर कर रही है। यही नहीं रावत ने यह भी कहा कि इस बारे में मुख्यमंत्री धामी से बात नहीं हो पा रही है इसलिए वह आगामी 6 अगस्त को मुख्यमंत्री के देहरादून स्थित सीएम आवास पर उपवास करेंगे। उत्तराखंड कांग्रेस के अध्यक्ष करन माहरा ने भी आरोप लगाया कि हार के डर से भाजपा सरकार हरिद्वार में पंचायत चुनाव टाल रही है। अगर ऐसा नहीं होता तो देहरादून में हुई कैबिनेट बैठक में इस बारे में फैसला लिया जाना चाहिए था।