BJP पर बरसे हरीश रावत, कहा-कांग्रेस के खिलाफ साजिश रच रही भाजपा

Share

हरिद्वार: पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सावन के पहले सोमवार पर हरिद्वार पहुंचे और भगवान भोले की ससुराल कनखल में दक्ष प्रजापति मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इस मौके पर पूर्व सीएम हरीश रावत ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि भाजपा, कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने की साजिश कर रही है। हमारे कार्यकर्ताओं को प्रलोभन देकर या गलत तरीके से दबाव बना भाजपा में शामिल कराया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेसियों से एकजुट रहने की अपील की।

रावत ने कहा कि वर्तमान में कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो भाजपा की नीतियों के खिलाफ मजबूती से आवाज उठा रही है। इसके चलते भाजपा, कांग्रेस पर लगातार प्रहार कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा, कांग्रेस की लीडरशिप को तोड़ना चाहती है। इसके लिए अनुचित तरीके भी अपनाये जा रहे हैं। केंद्र की भाजपा सरकार की दमनकारी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस आगामी 9 अगस्त से 15 अगस्त तक कश्मीर से कन्याकुमारी तक अलग-अलग जगह पदयात्रा कर भारत जोड़ो यात्रा का आगाज करने जा रही है, जिसका नेतृत्व कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी करेंगे।

हरीश रावत ने कहा कि ईडी के बुलावे पर कांग्रेस के नेता तो ईडी के सामने जाएंगे ही लेकिन जिस बदले की भावना से काम हो रहा है, उसके खिलाफ आगामी 21 जुलाई को देशव्यापी प्रदर्शन करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इस कदर मनमानी पर उतर आई है कि अब वह गाय और भैंस के दूध पर जीएसटी लगा रही है। यही हाल रहा तो कुछ दिन बाद यह गाय के मूत्र पर भी जीएसटी लगा देंगे। आज यह जीएसटी पूरे देश के लिए पीड़ा गई हो गई है। अब सिद्ध हो गया है कि यह जीएसटी एक गब्बर सिंह टैक्स है, जिसके विरोध में कांग्रेस अब सड़कों पर उतरेगी।

रावत ने कहा कि जब भाजपा का ग्राफ गिरने लगेगा, तब लोग फिर कांग्रेस की ओर लौटेंगे। श्रीलंका के मौजूदा हालात का उदाहरण देते हुए रावत ने कहा कि वर्ष 2024 में भी यह स्थिति आ सकती है। बीजेपी के खिलाफ आगामी 21 जुलाई को देशव्यापी प्रदर्शन करने जा रहे हैं। दूसरा आगामी 9 अगस्त से 15 अगस्त तक कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा कांग्रेस निकालने जा रही है, जिसमें 101 कार्यकर्ता तो लगातार चलेंगे। साथ ही अलग-अलग जगहों से कार्यकर्ता इस यात्रा में लगातार शामिल रहेंगे। इस यात्रा का नेतृत्व राहुल गांधी करेंगे. इस यात्रा में उत्तराखंड से भी 3 दिन तक एक-एक हजार लोग हिस्सा लेंगे।