हादसा! उत्तराखंड में यहां पैर फिसलने से छोटा भाई नदी में बहा तो बड़े ने भी लगा दी छलांग, दोनों की तलाश जारी

Spread the love

Children Drowned in Alaknanda: देवप्रयाग में दो बच्चों के अलकनंदा नदी में डूबने की खबर सामने आई है। जिनकी तलाश में स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ टीम का सर्च ऑपरेशन जारी है। एसडीआरएफ को अभी तक दोनों को ढूंढने में सफलता नहीं मिल पाई है। बताया जा रहा है कि नदी तट पर खेलते समय एक बच्चे का पैर फिसल गया और वह अलकनंदा नदी में गिर गया। उसे बचाने के लिए उसका बड़ा भाई नदी में कूद गया। कुछ मिनटों में ही दोनों नदी की लहरों में ओझल हो गए। पुलिस के मुताबिक, धनेश्वर मन्दिर देवप्रयाग के नीचे नदी किनारे चार बच्चे खेलने के लिए गए थे। दो बच्चे तो घर लौट गए, लेकिन दो बच्चे आदेश पुत्र हीरालाल (उम्र 12 वर्ष) व अभिषेक पुत्र हीरालाल (उम्र 8 वर्ष) निवासी ग्राम पुंडल नदी में डूब गए।

घर लौटे दोनों बच्चों ने बताया कि आदेश और अभिषेक नदी के पास खेल रहे थे। खेलते समय अभिषेक का पैर फिसल गया, जिससे वह नदी में गिर गया। उसे बचाने के लिए उसका बड़ा भाई आदेश भी नदी में कूद गया। जब वह दोनों नदी में काफी आगे निकल गए तो हम वहां से डर कर भाग गए। परिजनों की सूचना पर एसएसपी श्वेता चौबे ने तत्काल संज्ञान लेते हुये पुलिस उपाधीक्षक सर्किल श्रीनगर को पुलिस एवं एसडीआरएफ के साथ मौके पर पहुंचने एवं त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। लेकिन दोनों बच्चों का कोई सुराग नहीं लगा। सीओ श्याम दत्त नौटियाल ने बताया कि दोनों बच्चों की खोजबीन की हर मुमकिन कोशिश की जा रही है। इसके लिए अतिरिक्त फोर्स लगाई गई है और खोजने में गोताखोर भी लगे हुए हैं।