कुख्यात हिस्ट्रीशीटर विनय त्यागी की इलाज के दौरान एम्स ऋषिकेश में मौत हो गई। विनय त्यागी पर पेशी के दौरान बदमाशों ने जानलेवा हमला किया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। History-sheeter Vinay Tyagi dies घटना के बाद से वह एम्स में भर्ती था, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। कुख्यात विनय त्यागी को उत्तराखंड के रूड़की कारागार से पेशी पर लक्सर ले जा रहे पुलिस के वाहन पर बुधवार को बाइक सवार बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की। जानलेवा हमले में विनय त्यागी को तीन गोलियां लगी हैं। गंभीर हालत में त्यागी को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। हमले में दो पुलिसकर्मी भी मामूली रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद बदमाशों की धरपकड़ के लिए हरिद्वार जिले में कांबिंग की गई। पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विनय त्यागी को बीते एक अक्टूबर को देहरादून पुलिस ने लाखों की नकदी और जेवर चोरी के मामले में गिरफ्तार किया था। हरिद्वार में पहले से दर्ज मुकदमों के चलते उसे 12 दिसंबर को रुड़की कारागार में शिफ्ट किया गया था। बुधवार दोपहर एक पुलिस टीम उसे पेशी पर लक्सर कोर्ट ले जा रही थी। छह पुलिसकर्मी टाटा सुमो वाहन में विनय त्यागी के साथ सवार थे। लक्सर में रेलवे ओवरब्रिज पर पुलिस का वाहन जाम में फंस गया। उसी दौरान बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने पुलिस के वाहन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले के बाद बदमाश फिल्मी स्टाइल में असलहा लहराते हुए भाग निकले। विनय त्यागी के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज थे और वह हिस्ट्रीशीटर के रूप में चिन्हित था। उसकी मौत के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, ताकि किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।