केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 7 मार्च को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर शासन प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां हो गई है। इस कार्यक्रम को लेकर शासन-प्रशासन द्वारा सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं तथा अमित शाह के स्वागत के लिए कार्यक्रम स्थल बैरागी कैम्प के साथ ही हरिद्वार शहर को सजाया-संवारा जा रहा है। Amit Shah Haridwar Visit मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हरिद्वार का भ्रमण कर इस विराट आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। धामी ने बैरागी कैम्प पहुँचकर प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जनसभा स्थल, मंच, प्रदर्शनी क्षेत्र, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तृत अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिए कि कार्यक्रम के सुव्यवस्थित एवं सुचारु आयोजन के लिए सभी तैयारियों का वरिष्ठ अधिकारी भली-भाँति परीक्षण कर लें। उन्होंने आमजन की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के भी निर्देश दिए।
तय कार्यक्रम के मुताबिक, गृह मंत्री शनिवार को दोपहर 12:15 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट देहरादून पहुंचेंगे, जहां से 12:30 बजे गुरुकुल कांगड़ी हेलीपैड हरिद्वार पहुंचेंगे। यहां से 12:40 बजे वह वैरागी द्वीप में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। फिर 1:55 बजे तक वह वैरागी कैंप में जनसभा को संबोधित करेंगे। दिन में 2:00 बजे से 2:30 बजे तक समय आरक्षित रखा गया है। इसके अलावा 2:30 बजे से 3:00 बजे तक वैरागी कैंप में ही नूतन न्याय संहिता पर राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन और अवलोकन करेंगे। वह 3:00 से 3:30 बजे के बीच उत्तराखंड सरकार की विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। 3:30 बजे वैरागी कैंप से प्रस्थान कर 3:40 बजे एक निजी होटल पहुंचेंगे। यहां पर पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ बैठक कर केंद्रीय गृह मंत्री 4:45 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट के लिए निकल जाएंगे।