ज्वैलरी शोरूम लूटकांड: मुख्य आरोपी प्रिंस बिहार से गिरफ्तार, ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून लेकर पहुंची पुलिस

Spread the love

बहुचर्चित ज्वैलरी शोरूम लूटकांड मामले में अभी तक 10 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। 10वीं गिरफ्तारी मुख्य आरोपी प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। Dehradun Jewellery Showroom Robbery Accused Prince Kumar जिसे बिहार पुलिस ने वैशाली से दबोचा है। आरोपी प्रिंस पर पुलिस ने 2 लाख रुपए का इनाम भी रखा था। आज देहरादून पुलिस ने आरोपी प्रिंस को वैशाली कोर्ट में पेश किया। जहां से आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पुलिस देहरादून के लिए रवाना हो गई है। अब देहरादून में ही लूटकांड से संबंध में गहन पूछताछ की जाएगी। गौर हो कि बीती 9 नवंबर यानी राज्य स्थापना दिवस के दिन देहरादून में ज्वैलरी लूटकांड की घटना हुई थी। जिसमें बदमाश करीब 16 से 18 करोड़ की ज्वैलरी उड़ा ले गए थे।

खास बात ये थी कि उस दिन वीवीआईपी का दौरा भी था। घटना के दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी देहरादून आई हुई थीं। ऐसे सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद थी, लेकिन बदमाश सचिवालय और पुलिस मुख्यालय से चंद कदमों की दूरी पर सुरक्षा को भेद कर करोड़ों रुपए के ज्वैलरी लेकर रफूचक्कर हो गए। वहीं, इस घटना के बाद उत्तराखंड पुलिस की मुस्तैदी और कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे थे। ऐसे में खुद देहरादून एसएसपी अजय सिंह ने विभिन्न राज्यों में जाकर आरोपियों की जानकारी जुटाई। इतना ही नहीं एसएसपी ने घटना में शामिल मुख्य आरोपी प्रिंस कुमार समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बिहार जाकर एडीजी एसटीएफ बिहार और एसएसपी वैशाली के साथ वार्ता की थी। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए समन्वय भी बनाया था। यही समन्वय तब काम आई, जब मुख्य आरोपी प्रिंस कुमार को बिहार पुलिस ने वैशाली से गिरफ्तार कर लिया।