भारत जोड़ो यात्रा के बाद हाथ से हाथ जोड़ो अभियान, उत्तराखंड में प्रियंका के हाथों कमान, ये है रणनीति

Spread the love

Uttarakhand Congress: भारत जोड़ो यात्रा के बाद कांग्रेस हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की शुरूआत करने जा रही है। ये अभियान उत्तराखंड में भी 26 जनवरी से शुरू होगी। खास बात ये है कि उत्तराखंड में इस अभियान की कमान राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के हाथों में सौंपने की तैयारी है। यात्रा का नेतृत्व पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी करेंगी हिमाचल प्रदेश में प्रियंका के सिर पर जिस तरह से जीत का सेहरा बंधा है। उससे कांग्रेसी उत्साहित हैं। ऐसे में अब उत्तराखंड में भी लोकसभा चुनाव में पार्टी इसको लेकर रणनीति में जुट गई है।

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि दो माह तक चलने वाली यात्रा के तहत ब्लॉक स्तर पर सभी मतदान केंद्रों को कवर करते हुए पद यात्राओं का आयोजन करने के साथ ही गांव-गांव में झंडा रोहण और कार्यकर्ता की बैठकों का आयोजन होगा। कांग्रेस इस दौरान मोदी और धामी सरकार की विफलताओं को लेकर जनता के पास जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि इस यात्रा के दौरान डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर जनता को राहुल गांधी की यात्रा का संदेश पहुंचाने के साथ ही मोदी सरकार के खिलाफ चार्जशीट बांटी जाएगी।

कांग्रेस की हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा को भाजपा की मिशन 2024 के लिए बनाई गई ग्राम स्तर की तैयारियों के काउंटर से जोड़ा जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने बताया कि हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत ग्राम व बूथ स्तर तक यात्राओं का आयोजन किया जाएगा। इससे पहले भाजपा ने अपने सभी मंत्री, विधायकों और कार्यकर्ताओं को ग्राम स्तर पर चौपाल लगाने के निर्देश दिए हैंं। जिससे बूथ स्तर से पहले गांव स्तर तक कार्यकर्ताओं को मोदी का मैसेज पहुंचाया जा सके। इसका काउंटर करने के लिए कांग्रेस अब प्रियंका और राहुल का संदेश लेकर गांव स्तर तक कार्यकर्ताओं को पहुंचाने में जुटी है।