Landslide In Joshimath: उत्तराखंड के जोशीमठ शहर के अस्तित्व पर संकट मंडरा रहा है। पिछले कई दिनों से धंसाव के कारण जोशीमठ के कई मकानों में दरार आ गई है। जोशीमठ आध्यात्मिक, सामरिक दृष्टि से भी बड़ा महत्वपूर्ण स्थान है, लेकिन लगातार यहां हो रहे भू-धंसाव से शासन प्रशासन की चिंता बढ़ी हुई है। अब भू-धंसाव पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने डीएम से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। साथ ही भू-धंसाव से प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद के निर्देश दिए हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने रविवार को मुख्यमंत्री धामी से मुलाकात के बाद मीडिया से यह जानकारी साझा की। भट्ट के अनुसार मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया है कि रिपोर्ट मिलने पर बिना देरी के उचित कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा प्रदेेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने जोशीमठ में भू-धंसाव को लेकर सीएम से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया। बताया कि जोशीमठ में लगातार हो रहा भू-धंसाव चिंता का विषय है। जोशीमठ शहर में जमीन धंसने से लोगों के घरों में दरारें आ रही हैं। उन्होंने सीएम से प्रभावित लोगों और कारोबारियों को हो रहे नुकसान की जानकारी देते हुए राहत और मदद पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने स्थानीय लोगों की व्यावहारिक दिक्कतों को देखते हुए समस्या का समाधान करने के लिए विस्तृत नीति बनाने पर जोर दिया। भट्ट ने कहा कि चर्चा के बाद मुख्यमंत्री धामी ने जिलाधिकारी चमोली से तत्काल वार्ता कर शीघ्र विशेषज्ञ कमेटी की विस्तृत रिपोर्ट भेजने और प्रभावितों को सभी संभव राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। विशेषज्ञ कमेटी की रिपोर्ट पर बिना देर किए उचित कार्रवाई की जाएगी।