Bharat Jodo Yatra: राहुल गांधी के सामने उठी ‘जोशीमठ की आवाज’, भाजपा ने कहा- दोहरा चरित्र दिखा रही कांग्रेस

Share

Uttarakhand Poltics News: जम्मू में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत 24 जनवरी को नगरोटा के शीतली से हुई। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी की इस यात्रा में उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत, प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और विधायक प्रीतम सिंह सहित कई नेता शामिल हुए। वहीं, राहुल गांधी ने उत्तराखंड के नेताओं के साथ जोशीमठ भू-धंसाव की स्थिति को लेकर चर्चा की। राहुल गांधी के साथ जोशीमठ को लेकर हुई चर्चा के बारे में पूर्व सीएम हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी। हरीश रावत ने बताया कि जोशीमठ एक पौराणिक, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक, पर्यावरणीय पहचान का प्रतीक है। जोशीमठ के अस्तित्व को बचाने, नया जोशीमठ बसाने, प्रभावितों को समुचित मुआवजा देने और पुनर्वास सहित अन्य सवालों को उठाने के लिए राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा का एक चरण समर्पित किया है।

भू-धंसाव के संकट का सामना कर रहे जोशीमठ की व्यथा जानने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी उत्तराखंड आएंगे। प्रदेश के कांग्रेस नेताओं के अनुरोध पर राहुल फरवरी महीने में जोशीमठ आने को राजी हो गए हैं। राहुल की इस हामी के साथ ही जोशीमठ पर सियासत भी गरमा उठी है। भाजपा ने इसे कांग्रेस का दोहरा चरित्र करार दिया है। भट्ट ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस के नेता एक ओर मुख्यमंत्री धामी से मिलकर आपदा पर सुझाव देते है और अगले दिन यात्रा में शामिल होकर इस मुद्दे को राजनैतिक रंग देते हैं। अपने कार्यकाल मे जारी परियोजनाओं को राजनैतिक मुनाफे के लिए अब अनियंत्रित व अनियोजित विकास बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल की भारत जोड़ो यात्रा का एक दिन जोशीमठ आपदा को समर्पित करना भी उनकी इसी नकारात्मक रणनीति का हिस्सा है। भट्ट ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह आपदा के पहले दिन से ही प्रभावितों की मदद के बजाय उनकी भावनाओं के खेलने और भड़काने के मिशन में जुटी है।