उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पौड़ी में स्थित रावत गांव पहुंचे। यहां कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी रुकने के लिए सर्किट हाउस नहीं गए। बल्कि, होम स्टे में ठहरने के लिए लोगों के बीच पहुंच गए। यहां उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात की और पहाड़ी शैली पर बने होमस्टे का अवलोकन करते हुए उन्होंने प्रशंसा जाहिर की एवं रिंगाल से बने उत्पादों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि होम स्टे स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भर उत्तराखंड बनाने में अपनी अहम भूमिका निभा रहा है। होम स्टे से लोगों को उत्तराखंड के पारंपरिक खानपान और संस्कृति के बारे में पता चलता है। साथ ही कहा कि राज्य सरकार लगातार होम स्टे को बढ़ावा देने का कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार सरलीकरण, समाधान एवं निस्तारण के मूल मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है। लोगों की समस्याओं का संज्ञान लेते हुए उन्होंने कहा कृषि विभाग एवं वन विभाग जंगली जानवरों से बचाव के संबंध में कई योजनाओं पर कार्य कर रहा है। खेतों की फेंसिंग, सोलर फेंसिंग से लेकर जंगलों में फलदार पौधे लगाने का कार्य लगातार जारी है। लोगों की ओर से खेती, औषधि, बागवानी के विकास के लिए दिए गए सुझाव पर कार्य किया जाएगा। सीएम धामी ने कहा कि देश एवं राज्य के विकास में गांवों का विकास अति महत्वपूर्ण है। राज्य सरकार गांव में विकास के साथ वहां की संस्कृति को बचाने पर भी कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, वीर चंद्र सिंह गढ़वाली स्वरोजगार योजना से गांव में स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है।