गैरसैंण: बजट सत्र में बुरे फंसे महाराज, BJP विधायकों के प्रश्न का ही जवाब नहीं दे पाए मंत्री

Share

Uttarakhand Budget: ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा में चल रहे बजट सत्र के दूसरे दिन प्रश्न काल के दौरान कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज सत्ता व विपक्ष के सदस्यों की ओर से उठाए गए अनुपूरक प्रश्नों पर घिर गए। बीजेपी विधायकों ने काबीना मंत्री सतपाल महाराज से ऐसे तीखे सवाल पूछे, कि जवाब देने में उन्हें भी पसीने छूट गए। इस दौरान सतपाल महाराज कई बार असहज नजर आए। उन्होंने कई सवालों पर सदस्यों को जानकारी उपलब्ध कराने की बात कही। कैबिनेट मंत्री सतपाल के जवाबों से जब विपक्ष सन्तुष्ट नहीं हुआ तो कांग्रेस के सभी विधायको ने वेल में आकर हंगामा किया।

सड़क, पर्यटन से संबंधित सवालों पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह, सुमित हृदयेश, वीरेंद्र कुमार, भाजपा के विधायक बंशीधर भगत, दलीप सिंह रावत, विनोद चमोली, खजान दास, अरविंद पांडे ने भी अनुपूरक प्रश्नों से महाराज को घेरा। उन्होंने सदस्यों की ओर से पूछे गए सवाल पर विस्तृत जानकारी देने की बात कही। साथ ही कई मुद्दों का परीक्षण कराने की बात कही। संतोषजनक जवाब न मिलने पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हुई। जिसके बाद संसदीय कार्य मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने बात को किसी तरह संभाला। विपक्ष से कहीं ज्यादा तीखे सवाल बीजेपी के अपने विधायकों ने दागे।

लैंसडौन विधायक दिलीप सिंह रावत ने लैंसडौन में पर्यटन से जुड़े सवाल पूछे। उन्होंने कहा कहा कि यहां जो भी कोशिशें हो रही हैं, जनता अपने दम पर कर रही है। क्या सरकार भी लैंसडौन के लिए कुछ कर रही है। तब सतपाल महाराज ने होमस्टे व हयात होटल ग्रुप के प्रस्तावित होटल निर्माण समेत कुछ योजनाओं का ब्यौरा पेश करते हुए बात संभालने की कोशिश की, लेकिन दिलीप सिंह रावत संतुष्ट नहीं हुए। वही महाराज भीमताल झील की मरम्मत को लेकर सदन में उठे सवाल का नहीं दे पाए।