Uttarakhand Weather News: बढ़ती ठंड के बीच पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी हो रही है जबकि मैदानी क्षेत्रों में कोहरे और ठंड से थोड़ी राहत मिली हुई है। लेकिन मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट बदल सकता है। आज यानी सोमवार शाम तक पश्चिमी विक्षोभ के हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय होने की संभावना है। जिसके चलते 24 से 26 जनवरी तक वर्षा-बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग ने इस दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में भारी वर्षा और बर्फबारी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इससे प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान में गिरावट आ सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, उत्तराखंड में सोमवार शाम से ताजा पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बढ़ सकती है। जिसके चलते तीन दिन बादलों का डेरा रहने की संभावना है। इस बीच उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ आदि में कहीं-कहीं भारी वर्षा व बर्फबारी हो सकती है। निचले क्षेत्रों में गरज के साथ ओलावृष्टि होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि बारिश और बर्फबारी से मैदानी इलाकों में भी जोरदार सर्दी पड़ेगी। तापमान की बात करें तो आज राजधानी देहरादून में न्यूनतम तापमान 9°C और अधिकतम तापमान 21°C रहेगा, मसूरी में न्यूनतम तापमान -1°C और अधिकतम तापमान 8°C रहेगा। तो वहीं, नैनीताल में आज न्यूनतम तापमान 2°C और अधिकतम तापमान 13°C रहेगा।