टिहरी: कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज आज जनपद टिहरी के तिवाड़ गांव पहुंचे। जहां उन्होंने पंडित दीन दयाल गृह आवास के अंतर्गत निर्मित गढ़वाल दर्शन होम स्टे का निरीक्षण किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने तिवाड़ गांव को पर्यटन ग्राम घोषित किया। उन्होंने कहा कि जैसे पंजाब में मक्के की रोटी और सरसों का साग बडा प्रसिद्ध है, ऐसे ही हम चाहते हैं कि हमारी कंडली की भुज्जी और मडुवे की रोटी को भी प्रसिद्धि मिले। महाराज ने कहा कि यदि हमारे होम स्टे और होटल चौसू, बाड़ी, फाणू, पहाडी रायते के साथ-साथ वेस्टर्न फूड को भी परोसेगें तो निश्चित रूप से लोग हमारे उत्तराखंड की ओर आकर्षित होंगे और हमारे होमस्टे नंबर वन बन जाएंगे।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि उन्हें इस बात की प्रसन्नता है कि पर्यटन विभाग द्वारा तिवाड़गांव में कुल 15 होमस्टे पंजीकृत किए गए हैं। इसमें से 10 को होमस्टे योजना के तहत राज सहायता दी गई है जबकि 5 को राज सहायता के भुगतान की कार्यवाही चल रही है। उन्होंने कहा कि उत्तरायणी भागीरथी विकास समिति तिवाड गांव को तिवाड गांव के खाले में पर्यटन विभाग द्वारा इंजन रहित जलयानों के संचालन की भी अनुमति दे दी गई है। पर्यटन मंत्री ने कहा कि विगत वर्षों में टिहरी झील में मोटर बोट खरीदने हेतु पर्यटन विभाग द्वारा 28 लोगों को राज सहायता दी गई। जिसमें तिवाड गांव 8 लोग भी शामिल हैं।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा जी-20 सम्मेलन की दो बैठकें उत्तराखंड में होनी है। इससे हमें उत्तराखंड की संस्कृति को दिखाने का अच्छा प्लेटफॉर्म मिलेगा. जी-20 के जरिए हम उत्तराखंड के उत्पादों, संस्कृति का अच्छा प्रचार प्रसार कर सकते हैं। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने पार्किंग व्यवस्था, फ्लोटिंग जेटी, प्रशिक्षण आयुसीमा में छूट हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस मौके पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में यह प्रदेश विकास के पथ पर लगातार आगे बढ़ रहा है। हम सब मिलकर उत्तराखंड को आदर्श प्रदेश बनाएगें। हमें विकास कार्य में सहयोग देने के साथ-साथ धर्म एवं संस्कृति से जुड़कर भारत को विश्व गुरु बनाने का प्रयास करना है।