केरल दौरे पर बोले कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सैन्य धाम में स्थापित होगा INS विक्रांत का मॉडल

Share

देहरादून: उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी आज कल कोच्चि के दौरे पर हैं। गणेश जोशी कोच्चि दौरे में कई लोगों से मिल रहे हैं। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी गुरुवार को कोचीन शिपयार्ड पहुंचे। जहां उन्होंने कोचीन शिपयार्ड का भ्रमण किया। गणेश जोशी ने भारत में ही बने देश के पहले भारतीय विमान पोत आईएनएस विक्रांत का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा आईएनएस विक्रांत आत्मनिर्भर भारत की मजबूती को दर्शाता है।

उत्तराखंड में बनने जा रहे सैन्य धाम में आईएनएस विक्रांत की प्रतिकृति स्थापित की जाएगी। इस दौरान उन्होंने भारतीय नौसेना में शामिल उत्तराखंड के अधिकारियों से भी मुलाकात की और उनका हाल चाल जाना। इसके लिए वह शीघ्र ही भारतीय नौसेना के अधिकारियों से बातचीत करेंगे। जिसके बाद इस काम को अंजाम दिया जाएगा। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पीएम मोदी का आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा विक्रांत भारत में निर्मित अब तक का सबसे बड़ा जहाज है। यह प्रधानमंत्री मोदी की परिकल्पना मेक इन इंडिया के तहत विकसित पहले स्वदेशी विमान वाहक पोत आईएनएस विक्रांत इस दिशा में बड़ा कदम है।