उत्तराखंड में अगले दो तीन दिन में विदा होगा मानसून, सितंबर में 44 फीसदी अधिक बरसे बदरा

Spread the love

उत्तराखंड में कहर बरपाने के बाद अब बारिश और इससे आफत कुछ ही दिनों की मेहमान रह गई है। Uttarakhand Weather Today दो से तीन दिन में मानसून की विदाई हो सकती है। ऐसे में मैदानी इलाकों में फिलहाल मौसम शुष्क रहने से उमस और गर्मी परेशान कर सकती है। इस बार मानसून ने प्रदेश भर में तबाही मचाई, मानसून की विदाई के साथ ही शासन, प्रशासन भी राहत की सांस ले सकते हैं। देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, राज्य के अधिकतर जिले बारिश थमने के बाद गर्मी से तपने लगें हैं। लोग दिन-रात उमसभरी गर्मी से परेशान हैं। मानसून में हुई भारी बारिश ने उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में आपदा के रूप में भारी तबाही मचाई। लेकिन अब मानसून कमजोर पड़ रहा है। मौसम में हुए बदलाव की वजह से वातावरण में उमस भी बढ़ गई है।

सितंबर में सामान्य से 44 फीसदी बारिश दर्ज की गई। जबकि 25 सितंबर तक सबसे अधिक बारिश बागेश्वर जिले में रिकॉर्ड की गई। यहां 429 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई, जो सामान्य 251 फीसदी अधिक है। दूसरे नंबर पर देहरादून जिला रहा। यहां 450.2 एमएम बारिश हुई, जो सामान्य से 121 फीसदी अधिक है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश भर में दो दिन के बाद मानसून की विदाई होगी। जबकि पर्वतीय इलाकों के कुछ हिस्सों में 28 सितंबर तक हल्की बौछार वाली बारिश होने की संभावना है। उधर मैदानी इलाकों में तेज धूप खिलने से दिन का तापमान सामान्य से चार से पांच डिग्री बढ़ोतरी के साथ दर्ज किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को भी कुछ ऐसा ही हुआ। मैदानी इलाकों के साथ पर्वतीय इलाकों के तापमान में भी इजाफा देखने को मिला। इसका असर रात के न्यूनतम तापमान पर भी पड़ा।